सदन में गूंजा औरंगजेब के महिमामंडन का मुद्दा

Wed, Aug 02 , 2023, 06:01 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

नितेश राणे और अबू आजमी में शाब्दिक जंग  
औरंगजेब हमारा हीरो नहीं: फडणवीस  
महानगर संवाददाता
मुंबई।
औरंगजेब (Aurangzeb) के मुद्दे पर बुधवार को विधानसभा में भाजपा विधायक नितेश राणे (Nitesh Rane) और सपा विधायक अबू आसिम आजमी (Abu Asim Azmi) के बीच जमकर बहस हुई। तैश में आकर नितेश राणे ने आजमी को पाकिस्तान चले जाने और गद्दार तक कह दिया। गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले को संभालते हुए आजमी को ताकीद दी कि देश हित के मामलों में कोई समझौता नहीं होगा। हमारी पॉलिसी नेशन फर्स्ट की है। गृह मंत्री ने कहा कि औरंगजेब हमारा हीरो नहीं हो सकता,  यहां तक कि मुसलमानों का भी नहीं और उसके महिमामंडन को कतई सहन नहीं किया जाएगा।
नितेश राणे ने लक्ष्यभेदी सूचना के माध्यम से औरंगजेब के कथित महिमा मंडन का मामला उठाया था। उन्होंने कहा कि औरंगजेब ने छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज के खिलाफ षडयंत्र रचा था। आजमी की तरफ इशारा करते हुए राणे ने कहा कि अपने राज्य में वंदे मातरम नहीं बोलने वाले लोग औरंगजेब का जुलूस निकालते हैं। सर तन से जुदा और औरंगजेब मेरा बाप कहने वाले गद्दार हैं। ऐसे लोगों को छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्य में रहने का अधिकार नहीं है। राणे ने कहा कि ऐसे लोगों को निकाला जाए, पाकिस्तान चले जाओ, हमारे मतों से चुनकर आते हो और यहां हंगामा करते हो।औरंगजेब से इतना प्रेम है तो चले जाओ। हमें कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता है। उन्होंने सवाल किया कि राज्य के विभिन्न जिलों में औरंगजेब का स्टेटस रखने वाले मास्टर माइंड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया जाएगा?
आक्रमणकारी था औरंगजेब: फडणवीस  
इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पहली बात तो यह है कि औरंगजेब देश में किसी का नेता नहीं हो  सकता, यहां तक कि मुसलमानों का भी नहीं। औरंगजेब ने देश पर आक्रमण किया, वह तुर्की मंगोल था। वह देश का मुसलमान भी नहीं था। भारत के मुसलमान औरंगजेब के वंशज नहीं है। वह किसी का हीरो नहीं हो सकता। भारत के हीरो छत्रपति शिवाजी महाराज, अब्दुल कलाम हो सकते हैं। कुछ लोगों ने जानबूझकर औरंगजेब का स्टेटस रखकर दो समुदाय में तनाव पैदा करने की कोशिश की है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई हुई है। समाज में तनाव पैदा करने  के संदर्भ में गृह विभाग को कई जानकारी मिली है, जिसकी जानकारी सदन को नहीं दी जा सकती। ऐसे मामलों की जांच आईबी और अन्य जांच एजेंसियां कर रही हैं। आवश्यकता पड़ी तो डेडीकेटेड एसआईटी का गठन किया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि किसी भी स्थिति में महाराष्ट्र में दंगे या तनाव होना उचित नहीं है। महाराष्ट्र औद्योगिक और प्रगतिशील राज्य है। पुलिस ने यदि इस मामले में लापरवाही की है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
एक देश में दो कानून?: आजमी
चर्चा में भाग लेते हुए सपा विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि कई मुस्लिम युवकों ने औरंगजेब का स्टेटस रखा, उन पर गुनाह  दर्ज किया गया है। हालांकि इसके बाद डॉ. प्रकाश आंबेडकर ने औरंगजेब की कब्र पर जाकर मत्था टेका और चुनौती दी कि हिम्मत हैं तो मुझ पर केस करके दिखाओ। क्या इस देश में दो कानून चल रहे हैं? जो स्टेटस रखता है, उस पर केस और जो चुनौती देता है, उस पर केस नहीं होता। 24 घंटे द्वेष फैलाया जा रहा है, इसी वजह से ट्रेन में गोलीबारी हुई। संपूर्ण देश में दहशत का वातावरण है। ट्रेन में बुरखा पहनकर, दाढी बढ़ाकर नहीं चल सकते, ये मेरी कौम चिल्ला रही है। कोई मदद करने वाला नहीं है। ये लोग नाथूराम गोडसे का फोटो  लगाते हैं। यह सब जानबूझकर किया जा रहा है, देश का वातावरण खराब किया जा रहा है।
राष्ट्रहित से कोई समझौता नहीं करेंगे: फडणवीस  
इस पर उत्तर देते हुए फडणवीस ने कहा कि प्रकाश आंबेडकर भारत रत्न प्रकाश आंबेडकर के नाती है। जब वे वहां गए, तो मैंने कहा कि आप औरंगजेब का महिमामंडन मत कीजिए। औरंगजेब एक शासक था। दो धर्मों के बीच तनाव पैदा करना गुनाह है, वहां माथा टेकना गुनाह नहीं है। हम लोगों के जरिए चुनकर आते हैं, लेकिन कई बातें राष्ट्रहित की होती है, राष्ट्रहित को लेकर समझौता नहीं किया जाए। कई मुस्लिम नेताओं ने देश के लिए बलिदान दिया है। हम सभी को नेशन फर्स्ट की भूमिका रखनी है। औरंगजेब शासक है, वह हीरो नहीं हो सकता। औरंगजेब का महिमामंडन सहन नहीं करेंगे। सपा विधायक रईस शेख ने कहा कि मैं भी छत्रपति शिवाजी महाराज को मानने वाला हूं, मेरा धर्म मुस्लिम है, हमारे आजमी साहब को गद्दार बोला गया, क्या यह आपको मंजूर है? इस पर फडणवीस ने कहा कि यदि गद्दार शब्द आया तो उसे निकाला जाना चाहिए। रईस शेख और आजमी छत्रपति शिवाजी महाराज को मनाने वाले है।अबू भाई शांति बनाई रखनी है तो कई बातों को मंजूर करना होगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups