0 कांग्रेस हाईकमान ने लगाई मुहर
0 विस अध्यक्ष की मंजूरी मिलना बाकी
मुंबई। महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के दो सप्ताह बीतने के बाद आखिरकार कांग्रेस हाईकमान ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद के लिए विजय वडेट्टीवार (Vijay Vadettiwar) के नाम पर मुहर लगा दी है। अब यदि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर सदन में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके नाम की घोषणा करते हैं, तो वे इस पद के लिए अधिकृत हो जाएंगे। अजित पवार के शिंदे- फडणवीस सरकार (Shinde-Fadnavis government) में शामिल होने के बाद से ही विधानसभा में विपक्ष के नेता पद खाली था।
तत्कालीन विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल (Radhakrishna Vikhe Patil) जून 2019 में कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद विजय वडेट्टीवार को 24 जून 2019 को विपक्ष का नेता चुना गया था। वे चंद्रपुर जिले की ब्रम्हपुरी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
संग्राम थोपटे ने भी किया था दावा
महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र के शुरू होने से पहले कांग्रेस ने विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष पद पर दावा ठोक दिया था। कांग्रेस हाईकमान ने विपक्ष के नेता के नाम पर अंतिम मुहर लगाने में लंबा वक्त लगा दिया। इस बीच मानसून सत्र के दो सप्ताह बीत गए। नेता प्रतिपक्ष पद के लिए कांग्रेस की दूसरी पंक्ति के नेता का नाम चुना जाना लगभग तय था। इस पद के लिए विजय वडेट्टीवार, यशोमति ठाकुर, सुनील केदार और संग्राम थोपटे के बीच प्रतिस्पर्धा थी। संग्राम थोपटे ने 30 विधायकों के समर्थन वाला पत्र दिल्ली भी भेजा था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार विदर्भ से आते हैं। दोनों ही ओबीसी नेता माने जाते हैं। इससे पश्चिम महाराष्ट्र और मुंबई के कुछ नेता के नाराज होने की खबर है।
चौथे नंबर से दूसरे नंबर पर आई कांग्रेस
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चौथे नंबर की पार्टी थी, लेकिन शिवसेना और राकांपा में फूट के बाद कांग्रेस अपने आप दूसरे नंबर की पार्टी बन गई है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर कांग्रेस को विपक्ष के नेता का पद मिलेगा। महाराष्ट्र विधानमंडल का मानसून सत्र 17 जुलाई से 4 अगस्त के बीच आयोजित किया गया है। अब सत्र में कामकाज के सिर्फ तीन दिन बाकी रह गए हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Aug 01 , 2023, 06:52 AM