अपमानजनक पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन

Thu, Jul 27 , 2023, 08:39 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० विपक्ष का सदन से बहिर्गमन
मुंबई।
उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने विधानसभा में कहा कि सावित्रीबाई फुले (Savitribai Phule) के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट करने वालों की पहचान करने के लिए पुलिस ट्विटर इंडिया के संपर्क में है। फडणवीस ने कहा कि पुलिस ने ट्विटर अकाउंट भारद्वाज स्पीक्स (Account Bhardwaj Speaks) और डिजिटल मंच इंडिक टेल्स और हिंदू पोस्ट के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जिन्होंने 19वीं सदी की महान समाज सुधारक के बारे में कथित रूप से अपमानजनक लेख प्रकाशित किए थे। उपमुख्यमंत्री राकांपा विधायक जितेंद्र आव्हाड की ओर से प्रश्नकाल में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस ट्विटर इंडिया के जवाब का इंतजार कर रही है और सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले लोगों की पहचान होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के बालासाहेब थोरात (Balasaheb Thorat) ने फडणवीस के जवाब पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि (कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष) राहुल गांधी ने जो कहा, उसके लिए उन्हें दो साल जेल की सज़ा दी गई और अब ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं होती? थोरात मोदी उपनाम टिप्पणी को लेकर एक आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की एक अदालत द्वारा गांधी को मार्च में दो साल की जेल की सजा सुनाए जाने का हवाला दे रहे थे, जिसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया था। फडणवीस के जवाब के विरोध में विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन कर दिया। विपक्ष के रुख की निंदा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले जैसी महान शख्सियतों के सम्मान और गरिमा को लेकर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।

दर्शक दीर्घा में छात्रों की मौजूदगी पर आपत्ति
कांग्रेस विधायक और पूर्व स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड (Varsha Gaikwad) ने भारी बारिश को लेकर मुंबई में 'रेड अलर्ट' जारी होने का हवाला देते हुए गुरुवार को विधानसभा की दर्शक दीर्घा में बच्चों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई। भारी बारिश की वजह से शहर के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वर्षा गायकवाड ने हैरानी जताई कि रेड अलर्ट की वजह से स्कूल बंद होने के बावजूद राज्य विधानसभा में बच्चे कैसे स्कूल की वर्दी में पहुंचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि चर्चगेट में जलभराव की स्थिति है। बच्चे कैसे वापस जाएंगे। विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे अपने-अपने घर सुरक्षित रूप से पहुंच जाएं। मुंबई में पिछले कई दिनों लगातार बारिश हो रही है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिन के वक्त शहर में भारी से भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग के मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी करने के बाद बीएमसी ने 27 जुलाई को सभी सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया था।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups