दादा का जन्मदिन मनेगा "अजित उत्सव'' के रूप में

Tue, Jul 18 , 2023, 07:37 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई। राज्य (State) के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Deputy Chief Minister Devendra Fadnavis) और अजित पवार (Ajit Pawar) का जन्मदिन एक ही दिन 22 जुलाई को है। दोनों ने सादगी से जन्मदिन मनाने का फैसला किया है। अजित पवार गुट वाली राकांपा 22 जुलाई से 31 जुलाई तक अजित उत्सव मनाएगी। इस बात की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में बुआई न होने से किसान संकट में है, ऐसे में सामाजिक गतिविधियों के साथ अजित पवार का जन्मदिन मनाया जाएगा।  
तटकरे ने कहा कि अजित पवार का राजनीतिक कैरियर खासा लंबा रहा है। उन्होंने हमेशा विकास को महत्व दिया है। उन्होंने सभी को न्याय दिलाने की भूमिका निभाई। स्पष्टवादिता उनका स्थायी गुण है। हो सकता है कि कुछ लोग उन्हें पसंद न करें, लेकिन महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें खूब पसंद किया है।  
अजित पवार के जन्मदिन के मौके पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मैराथन प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर, स्कूलों में शैक्षणिक सामग्री का वितरण, वाटर फिल्टर, छाते का वितरण, स्कूली लड़कियों को मुफ्त साइकिल देने का कार्यक्रम, वृक्षारोपण, वरिष्ठ नागरिकों के आवासों का दौरा, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, अजित दादा की तरह सुबह छह बजे उठना और राज्य भर में ग्राम स्वच्छता अभियान के लिए दो घंटे का समय देना जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएगी।  
वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का 22 जुलाई को जन्मदिन है। इस मौके पर पार्टी के किसी भी नेता, कार्यकर्ता को होर्डिंग- बैनर नहीं लगाने और अखबारों या टीवी पर विज्ञापन नहीं देने की अपील भाजपा की तरफ से की गई है। भाजपा कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि किसी ने होर्डिंग, बैनर या विज्ञापन दिया तो पार्टी इसे गंभीरता से लेगी। ऐसे में निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है। पार्टी ने अपील की है कि जो लोग योगदान देना चाहते हैं, वे विभिन्न सेवा कार्यों में योगदान दे सकते हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups