जलसंपदा विभाग नहीं झटक पाए
सत्तार, राठौड को उठाना पड़ा नुकसान
मुंबई। विभागों के वितरण में उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के पास तिजोरी की चाबी (chest Key) होगी। शिंदे गुट के विधायकों ने अजित पवार को वित्त मंत्रालय देने का खासा विरोध किया था। महाविकास आघाड़ी सरकार के वक्त वित्त मंत्री रहते हुए दादा पर विधायक निधि वितरण में भेदभाव के आरोप लगे थे।आखिरकार दादा की दादागिरी ही चली। हालांकि एनसीपी जलसंपदा विभाग लेने में कामयाब नहीं हो पाई। विभाग वितरण में शिंदे गुट के दो मंत्रियों अब्दुल सत्तार (Abdul Sattar) और संजय राठौड (Sanjay Rathod) भी नुकसान में रहे। दोनों को पहले की तुलना में कम महत्वपूर्ण विभाग मिले हैं।
शिंदे गुट से छीने दो अहम विभाग
अजित पवार गुट वित्त, जलसंपदा, सहकारिता, खाद्य और नागरिक आपूर्ति, ग्राम विकास जैसे विभाग देने की मांग कर रहा था। इनमें से उनकी कुछ मांग पूरी हुई है, कुछ मांग पूरी नहीं हो पाई। विभाग वितरण में शिंदे गुट के पास से दो अहम विभाग चले गए। शिंदे गुट के मंत्री अब्दुल सत्तार का कृषि विभाग राकांपा के धनंजय मुंडे, जबकि संजय राठौर से एफडीए लेकर धर्मराव बाबा आत्राम को दे दिया गया। इससे शिंदे गुट के विधायकों का असंतोष बढ़ सकता है। हालांकि दोनों ही मंत्रियों पर निष्क्रियता के आरोप लगे थे। विभागों के फेरबदल में अब्दुल सत्तार के खाते में अल्पसंख्यक और विपणन विभाग, जबकि संजय राठौड को मृदा व जलसंधारण विभाग दिया गया।
सावे के पास गृह निर्माण विभाग
भाजपा के अतुल सावे से सहकारिता विभाग लेकर उसे दिलीप वलसे पाटिल को दिया गया है। इसकी भरपाई के रूप में सावे को गृहनिर्माण विभाग मिला है। गिरीश महाजन से चिकित्सा शिक्षा विभाग लेकर हसन मुश्रीफ को दिया गया है, जबकि खेल और युवक कल्याण विभाग संजय बनसोडे के पास चला गया। इसकी भरपाई के रूप में उन्हें पर्यटन विभाग मिला है। भाजपा के रविंद्र चव्हाण से खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग लेकर छगन भुजबल को दिया गया। मंगल प्रभात लोढा के पास से महिला और बालविकास विभाग अदिति तटकरे,जबकि पर्यटन गिरीश महाजन के पास चला गया।
दादा भुसे को बड़ा मंत्रालय
शिंदे गुट के दादा भुसे को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। पहले उनके पास बंदरगाह मंत्रालय था, अब वे सार्वजनिक लोक निर्माण (सार्वजनिक उपक्रम) जैसे महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री होंगे।
इन मंत्रियों के नहीं बदले विभाग
राधाकृष्ण विखे-पाटिल (राजस्व, पशुसंवर्धन और दुग्ध व्यवसाय विकास), सुधीर मुनगंटीवार (वन, सांस्कृतिक कार्य, व मत्स्य व्यवसाय)' चंद्रकांत पाटिल (उच्च व तकनीक शिक्षा, वस्त्रोद्योग और संसदीय कार्य)' विजयकुमार गावित (आदिवासी विकास) गुलाबराव पाटिल(जलापूर्ति व स्वच्छता), सुरेश खाडे (कामगार), संदीपान भुमरे( रोजगार गांरटी योजना व फलोत्पादन), उदय सामंत (उद्योग), तानाजी सावंत (सार्वजनिक स्वास्थ्य व कुटुंब कल्याण), दीपक केसरकर (शालेय शिक्षण व मराठी भाषा), शंभुराज देसाई (राज्य उत्पादन शुल्क)
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Jul 14 , 2023, 09:53 AM