आघाड़ी से निकल गए विभीषण प्रवृत्ति के लोग  

Thu, Jul 06 , 2023, 07:50 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले का तंज
० एनसीपी भ्रष्ट थी तो उन्हें सत्ता में क्यों लिया?
मुंबई।
गुरुवार को गरवारे क्लब हाऊस में प्रदेश कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने कहा कि महाविकास आघाड़ी से विभीषण प्रवृत्ति वाले लोग चले गए हैं। यह एक तरह से अच्छा हुआ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का इशारा अजित पवार (Ajit Pawar) और उनके सहयोगियों की तरफ था।
उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी को तोड़ने का काम किया जा रहा है। महाराष्ट्र में ईडी, सीबीआई जैसी सरकारी जांच एजेंसी का डर दिखाकर विपक्षी दल को खत्म करने की साजिश की जा  रही है। यहां लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। पटोले ने कहा कि बीजेपी की इस तानाशाही प्रवृत्ति को खत्म करने के लिए हमलोगों ने सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने का फैसला लिया है।  
कोर कमेटी की बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण, तेलंगाना प्रभारी माणिकराव ठाकरे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री नसीम खान, बसवराज पाटिल, प्रणीति शिंदे और विधान परिषद में पार्टी समूह के नेता और पूर्व मंत्री सतेज उर्फ बंटी पाटिल शामिल हुए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में बीजेपी द्वारा सत्ता के लालच में किसी भी हद तक जाने की राजनीति पर चिंता व्यक्त की। चर्चा हुई कि हम सभी को मिलकर इस प्रवृत्ति से लड़ना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Modi) ने सार्वजनिक रूप से एनसीपी पर 70,000 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, लेकिन अब उन्होंने इन नेताओं को सम्मानपूर्वक सरकार में शामिल करने के बाद मंत्री पद भी दिया है। पटोले ने बीजेपी से पूछा है कि आप राष्ट्रवादी को भ्रष्ट पार्टी कहने के बाद उन्हें सत्ता में कैसे ले सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भ्रष्टाचार विरोधी बयानबाजी महज खोखली दहाड़ है। भ्रष्टाचार बीजेपी के खून में है। कर्नाटक में 40 प्रतिशत कमीशन वाली भाजपा सरकार थी और प्रधानमंत्री उन्हीं भ्रष्टाचारियों का प्रचार कर रहे थे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2 जुलाई को समृद्धि हाईवे पर एक बस दुर्घटना में 26 लोगों की मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा था, लेकिन इसी दिन बीजेपी, एनसीपी के नेताओं को सरकार में शामिल करने के बाद राजभवन में जयघोष कर रही थी। बीजेपी को यह करते हुए थोड़ी भी शर्म नहीं आई।
पटोले ने कहा कि बीजेपी जानबूझकर कांग्रेस के बारे में गलत जानकारी फैला रही है। जब राहुल गांधी की पदयात्रा शुरू हुई थी तब भी इसी तरह की खबरें आई थीं। अब भी अफवाहें फैलाई जा रही हैं लेकिन कोई भी कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ेगा। सभी लोग मिलकर काम कर रहे हैं। नाना पटोले ने बताया कि महाविकास आघाडी से विभीषण प्रवृत्ति वाले लोग चले गए हैं। यह एक तरह से अच्छा हुआ है। पटोले ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ जो भी दल साथ आकर बीजेपी का विरोध करेगी, हम उनके साथ मिल कर काम करेंगे।बालासाहेब थोरात ने कहा कि हालांकि कुछ लोगों ने एनसीपी पार्टी छोड़ दी है, लेकिन इससे हमारे महाविकास गठबंधन (Mahavikas Alliance) पर कोई असर नहीं पड़ा है, बल्कि गठबंधन और मजबूत हुआ है। हम सब मिलकर विधानसभा में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups