० उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आश्वासन
० विकास कार्यों में समन्वय के लिए सीएम वॉर रूम
नागपुर। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis)ने मंगलवार को मुंबई के अंधेरी स्थित गोखले फ्लाईओवर (Gokhale Flyover) के पुनर्निर्माण कार्य में देरी की जांच का वादा किया। वहीं प्रभारी नगर विकास मंत्री उदय सामंत ने मुंबई के सभी पुलों का समयबद्ध तरीके से स्ट्रक्चरल ऑडिट (structural audit) करने की घोषणा की।
भाजपा विधायक सुनील राणे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि खतरनाक पुल के रूप में घोषित किए गए अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले गोपालकृष्ण गोखले पुल को पुनर्निर्माण कार्य के लिए 7 दिसंबर 2022 को पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे नागरिकों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इसके जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विभिन्न विकास कार्य हाथ में लिए गए हैं। इसके लिए सीएम वॉर रूम की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से मुंबई में महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी भी की जाएगी, जिससे विकास कार्यों में देरी नहीं होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुंबई शहर में सड़कों के डामरीकरण कार्य की आवश्यकता के अनुसार जांच की जाएगी।
उदय सामंत ने कहा कि यह हकीकत है कि गोखले पुल बंद होने से नागरिकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पुल का काम रेलवे और मुंबई महापालिका की तरफ से युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। इसके लिए 82 करोड़ रुपए का टेंडर निकाला जा चुका है। उदय सामंत ने कहा कि इसमें से 17 करोड़ रेलवे को दिए जा चुके हैं। इस ब्रिज का काम तीन चरणों में किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि गोखले ब्रिज का पहला रूट मार्च 2023 तक और दूसरा रूट दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाएगा। इस पुल के काम में देरी क्यों हुई, इसकी विस्तृत जांच की जाएगी।
मुंबई के लोगों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और परिवहन विभाग को मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से बचाने का निर्देश दिया जाएगा। साथ ही इस संबंध में परिवहन व महापालिका व विभिन्न संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक होगी। उदय सामंत ने इस अवसर पर यह भी कहा कि पुल के शेष कार्य को पूरा करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम बनाकर पुल का स्ट्रक्चरल ऑडिट पूरा किया जाएगा।
आदित्य ठाकरे-शेलार का आमना-सामना
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर आदित्य ठाकरे (Aditya Thackeray) और भाजपा के आशीष शेलार (Ashish Shelar) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का मुकाबला हुआ। किसी के पत्र या राजनीतिक दबाव के कारण बीएमसी आयुक्त ने गोखले पुल बंद किया? यह सवाल पूछते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह ध्यान रखना जरूरी है कि इस पुल के निर्माण में स्टील और डामर का मिश्रण नहीं होगा। इस पर शेलार ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण किया जा रहा है। मुंबई में पिछले 25 साल में 22 हजार करोड़ का डामर किसने खाया? उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की। यदि स्थानीय विधायक के रूप में अमित साटम ने इस पुल को फिर से बनाने की मांग करते हुए पत्र दिया है, जबकि प्रशासन इसे खतरनाक बता रहा है तो वे इसकी जांच कैसे करेंगे? यह सवाल करते हुए शेलार ने कहा कि अगर जांच करना चाहते हैं तो पिछले 25 साल में सड़कों और पुलों के डामरीकरण की जांच करें।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 20 , 2022, 08:12 AM