कामकाज चार बार रूका, विपक्ष की नारेबाजी
सरकार का अधिवेशन के दौरान बैठक लेने का आश्वासन
मुंबई। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की सरकार बनने के बाद विपक्ष दलों के विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को स्थगित करने के मुद्दे पर विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। विकास कार्यों पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर विपक्ष ने सदन में जमकर नारेबाजी की। इसी हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने प्रश्नोत्तर शुरू करने की घोषणा की। इसके बाद ठाकरे गुट के शिवसेना विधायकों सहित राकांपा और कांग्रेस विधायक वेल में जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। हंगामे की वजह से सदन का कामकाज चार बार स्थगित करना पड़ा। बाद में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस आश्वासन के बाद कि शीतकालीन सत्र (winter session) खत्म होने के पूर्व बैठक लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, विपक्ष के सदस्य शांत हुए और सदन का कामकाज आगे बढ़ा।
मंगलवार को विधानसभा का कामकाज शुरू होते हुए विपक्ष के नेता अजित पवार ने विपक्षी सदस्यों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को स्थगित करने का मुददा उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य के बजट में अनुमोदित और बहुमत से मंजूर किए गए बजटीय विकास कार्यों को सरकार ने स्थगित कर दिया है। इस बारे में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। राज्य के सरकारें आती और जाती रहती हैं, लेकिन सरकार के मंजूर किए गए कार्यों को कभी रोका नहीं जाता। ये विकास कार्य महाराष्ट्र के हैं, ये गुजरात, कर्नाटक और तेलंगाना के नहीं हैं।
इस पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कहा कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने पर हमारे कार्य रोक दिए गए थे। मेरे विधानसभा क्षेत्रों के कार्यों को रोक दिया गया। भाजपा विधायकों को एक भी पैसा नहीं मिला। हालांकि हम बदले की भावना से काम करने वाले लोग नहीं हैं। हमारी सरकार ने 70 फीसदी कामों पर रोक हटा ली है। बाकी बचे 30 प्रतिशत काम है, जिसमें प्रावधान नियमों का पालन नहीं किया गया। आघाड़ी सरकार के अंतिम दिनों में जहां 2 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया, वहां 6 हजार करोड़ रुपए के कार्य आरंभ दिए गए। यह आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपया वाली स्थिति है।
फडणवीस के उत्तर से विपक्ष के सदस्य संतुष्ट नहीं हुए। वे विधानसभा के वेल में आकर जोरदार नारेबाजी करने लगे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी में शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे सबसे आगे रहे। विपक्षी दल के सदस्य स्थगन सरकार हाय.. हाय, 50 खोके... एकदम ओके, खोके सरकार हाय...हाय और नहीं चलेगी... नहीं चलेगी... दादागिरी नहीं चलेगी जैसे नारे लगा रहे थे। हंगामे की वजह से सदन का कामकाज चार बार रोका गया। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के कक्ष में यह समस्या का समाधान निकाला गया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आश्वासन दिया कि शीत कालीन सत्र खत्म होने के पहले विपक्ष दलों की बैठक लेकर विकास कार्यों पर रोक हटाने पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। यह आश्वासन मिलने के बाद विपक्षी दल के सदस्य शांत हुए और सदन का कामकाज आगे बढ़ा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Dec 20 , 2022, 06:46 AM