आज महाविकास आघाड़ी का महामोर्चा

Fri, Dec 16 , 2022, 07:05 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

शर्तों के साथ मिली रैली निकालने की अनुमति  
भारी भीड़ जुटाकर किया जाएगा शक्ति प्रदर्शन
मुंबई।
महापुरुषों का अपमान, महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में शनिवार को महाविकास आघाड़ी (Mahavikas Aghadi) की तरफ से हल्ला बोल मोर्चा निकाला जाएगा।  नागपुर में 19 दिसंबर से शुरू होने जा रहे महाराष्‍ट्र विधानमंडल के शीतकालीन सत्र (winter session) से ठीक पहले महाविकास आघाड़ी इस मोर्चे के जरिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी। पुलिस ने कुछ शर्तों के साथ मोर्चा निकालने की अनुमति प्रदान की दी है। पुलिस ने मोर्चा के दौरान शांति बनाए रखने और नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। महाविकास आघाड़ी में शामिल तीनों दल शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा सहित अन्‍य छोटे दल, कुछ एनजीओ भी मोर्चे में शामिल होंगे। आघाड़ी की तरफ से मोर्चे में भारी भीड़ जुटाने की कोशिश की जा रही है।
गुरुवार शाम तक पुलिस ने मोर्चा निकालने की अनुमति नहीं दी थी। हालांकि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजित पवार (Ajit Pawar) ने विश्वास जताया था कि मोर्चा की अनुमति मिल जाएगी। शनिवार सुबह 11 बजे यह मोर्चा भायखला के जीजामाता उद्यान से आजाद मैदान के बीच निकाला जाएगा।
पुलिस ने रखी ये शर्तें
उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शुक्रवार को कहा कि मोर्चे को इजाजत देने में कोई परेशानी नहीं है। मोर्चा निर्धारित मार्ग से शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाए।
पुलिस ने अनुमति देते वक्त शर्त रखी कि मोर्चा के दौरान कोई भी नेता ऐसा भाषण नहीं देगा, जिससे दो समुदायों के बीच तनाव पैदा हो। भाषण के दौरान कोई आपत्तिजनक बयान नहीं दिया जाना चाहिए। शस्त्र अधिनियम के अनुसार मोर्चा में चाकू, तलवार और अन्य किसी घातक हथियार का उपयोग नहीं किया जाए। मोर्चे के दौरान किसी को पटाखे फोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
बीएमसी चुनाव से पहले एकजुटता का संदेश
महाविकास आघाड़ी की तरफ से मोर्चे में भारी भीड़ जुटाकर बीएमसी चुनाव से पहले एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। आघाड़ी के तीनों प्रमुख दलों की कोशिश तीन लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने की है। इसके लिए मुंबई के आसपास के इलाके मसलन ठाणे, कल्‍याण, नवी मुंबई, पनवेल, रायगड से कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्रित करने के प्रयास जारी हैं। मोर्चे में राकांपा अध्यक्ष शरद पवार, अजित पवार, सुप्रिया सुले, उद्धव ठाकरे, संजय राऊत, नाना पटोले, अशोक चव्हाण, बाला साहेब थोरात जैसे सभी वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
पुलिस की भी व्यापक तैयारियां
मोर्चे के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम करने की रणनीति बनाई। मोर्चे के दौरान सुरक्षा के लिए करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही एसआरपीएफ के जवानों को भी तैनात किया जाएगा। दो अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 5 पुलिस उपायुक्त बंदोबस्त पर नजर रखेंगे। मोर्चे पर नजर रखने के लिए पुलिस ड्रोन का भी इस्तेमाल करेगी।
भाजपा की उड़ी नींद : पटोले
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Devendra Fadnavis) ने दावा किया कि 17 दिसंबर के मोर्चे से भाजपा की नींद उड़ गई है। ऐसे में भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए अपने आंदोलन की घोषणा कर नौटंकी कर रही है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा ने केवल अपने राजनीतिक हितों के लिए हिंदू भावनाओं का इस्तेमाल किया है। भाजपा को हिंदू देवी-देवताओं की बात नहीं करनी चाहिए।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups