फर्जी ट्वीट का खुलासा होने में 15-20 दिन क्यों लगे?

Thu, Dec 15 , 2022, 08:40 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का कर्नाटक सीएम पर हमला  
मुंबई।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (Basavaraj Bommai) के फर्जी ट्वीट मामले को लेकर शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 दिनों से यह मामला गूंज रहा है, मुख्यमंत्री का ट्विटर अकाउंट हैक (twitter account hack) हुआ तो इसकी जांच होगी, लेकिन इसका खुलासा होने में इतना वक्त क्यों लगा? दिल्ली में बैठक होने से पहले यह खुलासा क्यों नहीं किया गया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार (Ajit Pawar) के सरकारी आवास देवगिरी पर महाविकास आघाड़ी के नेताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ठाकरे ने कहा कि बुधवार को हुई दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में नया कुछ नहीं हुआ। सीमा विवाद पिछले 15 से 20 दिनों से गूंज रहा था तो कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया, यह खुलासा करने में इतने दिन क्यों लग गए? सीमा इलाके में पुलिस कार्रवाई क्यों हुई? सीमा विवाद को लेकर दोनों राज्य कुछ नहीं करें, यह सलाह नई नहीं है। जब-जब सवाल उठे, कर्नाटक का पक्ष लिया गया, महाराष्ट्र का नहीं। बेलगाम में अधिवेशन लेने की घोषणा क्यों की गई? सरकार को महाराष्ट्र के प्रति प्रेम है या नहीं, इसका उत्तर कौन देगा।
महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद को लेकर बुधवार को राजधानी नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के बीच बैठक हुई। इस दौरान बोम्मई के नाम से महाराष्ट्र के संबंध में किए गए विवादित ट्वीट का मामला उठा। इस पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने सफाई दी कि यह उनका ट्विटर अकाउंट नहीं है। इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।  
महाराष्ट्र का पक्ष रखें हरीश साल्वे: अजित पवार
विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मांग की है कि सीमा विवाद को लेकर सुप्रीम कोर्ट में महाराष्ट्र का पक्ष मजबूती से रखने के लिए वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे को नियुक्ति किया जाए। उन्होंने कहा कि बुधवार को विनियोग बिल को लेकर चर्चा के दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से यह मांग की। फडणवीस ने कहा कि वे खुद हरीश साल्वे से बात करेंगे। अजित पवार ने इस बारे में मुख्यमंत्री को एक भी पत्र लिखा है। पवार ने कहा कि कर्नाटक का पक्ष मुकुल रोहतगी रख रहे हैं, इसलिए महाराष्ट्र की तरफ से विदर्भ के पुत्र हरीश साल्वे की नियुक्ति होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया और उन्हें पता ही नहीं चला। उन्हें महाराष्ट्र के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। हमारी गाड़ियों में तोड़फोड़ की जाती है, यह हम चलने नहीं देंगे।  
अभी तक हल्ला बोल मोर्चा को अनुमति नहीं
महापुरुषों का अपमान, महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में महाविकास आघाड़ी 17 दिसंबर को मुंबई में हल्ला बोल मोर्चा निकालने जा रही है। हालांकि अभी तक पुलिस ने मोर्चा निकालने की अनुमति नहीं दी है। अजित पवार ने कहा कि अभी अनुमति नहीं मिली है, लेकिन पूरा भरोसा है कि हमें अनुमति मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि यह मोर्चा शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के अलावा कई एनजीओ इसमें शामिल होंगे। उन्होंने आम नागरिकों से मोर्चे में भाग लेने की अपील की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups