Radhakrishnan Meditation Peace: ध्यान मानव जीवन में शांति, संतुलन-सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम बन सकता हैः राधाकृष्णन!

Sun, Apr 05 , 2026, 09:06 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति डॉ. सी. पी. राधाकृष्णन (Dr. C. P. Radhakrishnan) ने कहा है कि ध्यान मानव जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। यहां के भारत मंडपम आयोजित ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑफ मेडिटेशन लीडर्स (Global Conference of Meditation Leaders) में देश-विदेश के आध्यात्मिक नेताओं, नीति निर्माताओं और विद्वानों ने रविवार को ध्यान के माध्यम से शांति, संतुलन और समग्र जीवन शैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए श्री राधाकृष्णन ने कहा, "आज विश्व अनेक प्रकार के संघर्षों और तनावों से गुजर रहा है। युद्ध केवल देशों के बीच ही नहीं, बल्कि परिवारों और समाज के भीतर भी देखने को मिल रहे हैं, जिनका मुख्य कारण अहंकार, असहिष्णुता और एक-दूसरे को न सुनने की प्रवृत्ति है।

" उन्होंने कहा कि ऐसे समय में ध्यान मानव जीवन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि ध्यान व्यक्ति को आत्मचिंतन, धैर्य और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करता है। प्रतिदिन कुछ समय ध्यान करने से तनाव कम होता है, मन में स्पष्टता आती है और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज की तेज़ रफ्तार जीवनशैली में लोग जीने के बजाय केवल भाग रहे हैं। ऐसे में ध्यान व्यक्ति को स्वयं के भीतर झांकने और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ध्यान युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में सहायक हो सकता है, क्योंकि यह मन को नियंत्रित करने और सकारात्मक दिशा देने की शक्ति प्रदान करता है।

इस अवसर पर पद्मश्री डी. आर. कार्तिकेयन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में 2015 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया, जिससे पूरी दुनिया में योग के प्रति व्यापक जागरूकता बढ़ी। उन्होंने कहा कि इसी पहल से प्रेरित होकर 21 दिसंबर, 2024 को विश्व ध्यान दिवस मनाने की शुरुआत हुई, जिसे योग और ध्यान के पूरक अभ्यास के रूप में देखा जाता है। वहीं, क्वांटम लाइफ यूनिवर्सिटी की सह-संस्थापक डॉ. लक्ष्मी कोंडावेटी ने कहा कि जीवन की सच्ची खुशियाँ भविष्य में नहीं, बल्कि वर्तमान में मिलती हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने वर्तमान को संतुलित और आनंदपूर्ण ढंग से जीना सीखना चाहिए।

उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष एवं आध्यात्मिक प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि आज दुनिया को केवल मेडिसिन नहीं, बल्कि मेडीटेशन की अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को योद्धाओं की नहीं, बल्कि बुद्ध की करुणा और शांति के मार्ग की जरूरत है। भारत ध्यान और आध्यात्मिकता के संदेश के माध्यम से विश्व में शांति का अग्रदूत बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर, ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव और पिरामिड स्पिरिचुअल सोसाइटी मूवमेंट के संस्थापक ब्रह्मऋषि पितामह पत्रिजी ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का समापन क्वांटम लाइफ यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. न्यूटन कोंडावेटी द्वारा सभी प्रतिभागियों को सात मिनट का सामूहिक ध्यान कराकर किया गया। इस सम्मेलन के माध्यम से विश्व में शांति, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए ध्यान के महत्व का संदेश दिया गया। ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑफ मेडिटेशन लीडर्स के तीन दिवसीय कार्यक्रम में विश्वभर के डॉक्टरों, शोधकर्ताओं, आध्यात्मिक गुरुओं और वैज्ञानिकों ने भाग लिया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups