दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बारसूर पर्यटन क्षेत्र (Barsur Tourism Zone) में पिछले देर रात एक विशाल मगरमच्छ के सड़क पर आ जाने से अफरातफरी मच गई। बारसूर-छिंदनार मुख्य मार्ग किनारे अचानक मगरमच्छ को देखकर वहां मौजूद लोगों में चीखपुकार मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर इंद्रावती नदी (Indravati River) में सफलतापूर्वक छोड़ दिया। रेंजर ज्ञानदिन वर्मा (Ranger Gyandin Verma) ने वार्ता को बताया- यह ऑपरेशन ग्रामीणों की सतर्कता के बिना संभव नहीं था। देर रात होने के बावजूद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण को लेकर लोगों में बढ़ती जागरूकता काबिले तारीफ है।
वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे बुढ़ा तालाब के सूखने को बड़ी वजह बताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारसूर स्थित विशाल बुढ़ा तालाब पर बाहरी लोगों द्वारा लगातार अतिक्रमण कर मिट्टी-मुरम डालकर तालाब को पाटा जा रहा है, जिससे तालाब का अस्तित्व संकट में है। तालाब का दायरा सिमटता जा रहा है और यह तेजी से सूख रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्राकृतिक जल स्रोतों से छेड़छाड़ के कारण तालाब में पानी कम हो गया है, जिससे जलीय जीव-जंतु अपनी जान बचाने के लिए बारसूर से करीब सात किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी की ओर पलायन कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय में कई बार मगरमच्छ सड़क पार करते समय वाहनों की चपेट में आकर मारे गए हैं, लेकिन जिला प्रशासन न तो तालाब पर हो रहे अतिक्रमण पर रोक लगा रहा है और न ही इस मामले में कोई कार्रवाई कर रहा है। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित इंद्रावती नदी में छोड़ दिया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बुढ़ा तालाब का संरक्षण नहीं किया जाता, ऐसी घटनाएं बार-बार होंगी। उन्होंने प्रशासन से तालाब को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसके जीर्णोद्धार की मांग की है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Apr 01 , 2026, 07:32 PM