राज्यसभा में उठा सार्वजनिक परिवहन वाहनों की देख रेख और मरम्मत का मुद्दा, बीजेपी की धर्मशीला गुप्ता ने कहा- यात्रियों की सुरक्षा को खतरा

Tue, Mar 17 , 2026, 12:24 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की धर्मशीला गुप्ता (Dharmasheela Gupta) ने सोमवार को राज्यसभा में सरकारी परिवहन बसों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों की देख रेख और मरम्मत की ओर सदन का ध्यान आकृष्ट किया। श्रीमती गुप्ता ने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि छोटे शहरों और गांवों में सार्वजनिक परिवहन ही आवागमन का मुख्य साधन है। यह अफसोस की बात है कि इनकी मरम्मत और देखभाल समय पर नहीं हो पाती जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।

उन्होंने बसों में तकनीकी खराबी से होने वाली दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए पूरे देश में इनकी नियमित फिटनेस जांच तथा इनकी निगरानी की प्रणाली विकसित किये जाने की मांग की। झामुमो की महुआ माजी ने आदिवासियों की जड़ी बुटियों पर आधारित पारंपरिक चिकित्सा पद्धति होड़ोपैथी के संस्थागत संरक्षण की मांग की। उन्होंने कहा कि इस पैथी में सभी बड़ी बीमारियों का उपचार भी संभव है। उन्होंने सरकार से इसे वैज्ञानिक रूप से संरक्षित किये जाने तथा इसे मान्यता दिये जाने की मांग की।

राजद के प्रो मनोज झा ने ड्रग्स एंड कोस्मेटिक एक्ट का उल्लंघन करते हुए कुछ ऑनलाइन प्लेटफार्म और ई फार्मेसी द्वारा शिडयूल एच की दवा बेचे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए जिससे कानूनों का उल्लंघन रोका जा सके। कांग्रेस के सैयद नासिर हुसैन ने कर्नाटक में रेलवे नेटवर्क को और मजबूत किये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक और भोगौलिक परिस्थितियों को देखते हुए अभी वहां रेल नेटवर्क अपर्याप्त है।

 उन्होंने राज्य में नयी रेल लाइनों को बिछाये जाने की मांग की। कांग्रेस के नीरज डांगी ने अग्रणी संस्थानों में अनुसूचित जाति , जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों की शैक्षणिक पदों पर भर्ती को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि इन वर्गों के पद रिक्त हैं और इन्हें तुरंत भरे जाने की जरूरत है। उन्होंने इस संबंध में सभी शिक्षण संस्थानों में इस वर्ग के पदों का ऑडिट कराये जाने की मांग की। भाजपा के बालयोगी उमेशनाथ ने देश भर में गौवंश की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की। 

उन्होंने गौवंश सुरक्षा के लिए उनके संरक्षण का कानून बनाये जाने की मांग की। सदस्य ने देश भर में गौशालाओं के सुचारू संचालन पर भी जोर दिया। समाजवादी पार्टी के जावेद अली खान ने विश्विद्यालयों में छात्र संघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि देश में हजारों विश्वविद्यालय हैं लेकिन बमुश्किल 15 से 20 कालेजों में छात्र संघ के चुनाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब राजनीति में छात्र संघ के नेताओं के बजाय बाहुबल और धनबल के माध्यम से नेताओं की लेटरल एंट्री हो रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups