नयी दिल्ली: सालाना आधार पर फरवरी में निर्यात घटकर 36.61 अरब डॉलर रह गया जबकि मासिक आधार पर इसमें वृद्धि हुई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि फरवरी 2025 में माल निर्यात 36.91 अरब डॉलर और जनवरी 2026 में 36.56 अरब डॉलर रहा था। जारी आंकड़ों के अनुसार, कच्चे तेल, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों और सोने के आयात में बड़े उछाल के कारण फरवरी में माल आयात एक साल पहले के 51.33 अरब डॉलर से बढ़कर 63.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इस प्रकार वस्तु व्यापार घाटा लगभग दोगुना होकर 27.10 अरब डॉलर पर पहुंच गया। फरवरी 2025 में यह 14.32 अरब डॉलर रहा था। फरवरी में 12.97 अरब डॉलर के कच्चे तेल और पेट्रोलियम का आयात किया गया जो सालाना आधार पर 9.08 प्रतिशत अधिक है। सोने का आयात 218.55 फीसदी बढ़कर 7.45 अरब डॉलर और चांदी का 285.23 प्रतिशत बढ़कर 1.66 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का आयात 10.10 अरब डॉलर रहा जो फरवरी 2025 की तुलना में 33.43 प्रतिशत अधिक है।
सेवाओं का अनुमानित आयात 15.76 फीसदी बढ़कर 16.38 अरब डॉलर और निर्यात 24.90 फीसदी बढ़कर 39.53 अरब डॉलर रहा। माल और सेवाओं का कुल आयात 80.09 अरब डॉलर और निर्यात 76.13 अरब डॉलर दर्ज किया गया। इनमें क्रमशः 21.64 प्रतिशत और 11.04 प्रतिशत की वृद्धि हुई। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में फरवरी 2025 तक वस्तुओं का कुल निर्यात 402.93 अरब डॉलर रहा जो पिछले वित्त वर्ष की उसी अवधि से 1.84 प्रतिशत अधिक है। आयात 8.53 फीसदी बढ़कर 713.53 अरब डॉलर हो गया।
चालू वित्त वर्ष में अब तक भारत ने चीन से सबसे ज्यादा 119.56 अरब डॉलर (15.21 प्रतिशत की वृद्धि), संयुक्त अरब अमीरात से 61.30 अरब डॉलर (10 प्रतिशत की वृद्धि), रूस से 51.17 अरब डॉलर (12.23 प्रतिशत की गिरावट), अमेरिका से 48.41 अरब डॉलर (15.65 प्रतिशत) और सऊदी अरब से 28.73 अरब डॉलर (7.09 प्रतिशत वृद्धि) का आयात किया है। वहीं, भारत से निर्यात सबसे अधिक अमेरिका (79.30 अरब डॉलर), संयुक्त अरब अमीरात (36.07 अरब डॉलर), चीन (17.54 अरब डॉलर), नीदरलैंड (16.66 अरब डॉलर) और ब्रिटेन (12.25 अरब डॉलर) को किया गया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Mar 17 , 2026, 08:49 AM