नयी दिल्ली: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा जबकि मतों की गिनती चार मई को की जायेगी और उसी दिन नतीजे घोषित किये जायेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को यहां एक विशेष संवाददाता सम्मेलन में असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना अन्य तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के साथ चार मई को होगी। पिछली बार राज्य में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव कराये गये थे।
पहले चरण की अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अप्रैल है और सात अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख नौ अप्रैल होगी। दूसरे चरण की अधिसूचना दो अप्रैल को जारी की जायेगी और नामांकन की आखिरी तारीख नौ अप्रैल होगी। नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल को की जायेगी जबकि 13 अप्रैल तक नाम वापस लिये जा सकेंगे।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गयी है। राज्य की विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल सात मई को समाप्त हो रहा है।राज्य की कुल 294 सीटों में से 68 अनुसूचित जाति के लिए और 16 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
आयोग ने बताया कि 28 फरवरी को जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार राज्य में कुल 6,45,61,152 मतदाता हैं जिनमें 6,44,52,609 आम मतदाता और 1,08,543 सेना, अर्द्धसैन्य बलों और पुलिस के जवान हैं जिन्हें सर्विस वोटर कहा जाता है। कुल मतदाताओं में 5,23,229 युवा मतदाता (18-19 वर्ष के) शामिल हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 4,16,089 है। कुल 1,152 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं और 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,78,979 मतदाता हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि उच्चतम न्यायालय के आदेश पर राज्य की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में छूटे हुए नामों की पात्रता पर विचार के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय की निर्देशाधीन जजों की नियुक्ति की गयी है। उनके निर्णय के बाद पूरक सूची जारी की जायेगी जिससे मतदाताओं की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 80,719 मतदान केंद्र बनाये जायेंगे। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में 80,530 मतदान केंद्र थे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 16 , 2026, 08:17 AM