नयी दिल्ली: केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने करूर भगदड़ मामले में रविवार को तमिल फिल्म अभिनेता और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय से सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। विजय शाम करीब छह बजे जांच एजेंसी के मुख्यालय से बाहर निकले। यह इस मामले में उनसे पूछताछ का तीसरा दौर था। इससे पहले 12 जनवरी और 19 जनवरी को भी एजेंसी की विशेष टीम ने उनसे पूछताछ की थी।
जांच एजेंसी ने 10 मार्च को विजय को 15 मार्च को पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था, जबकि करूर के विधायक और तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिलबालाजी को 17 मार्च को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। जांच के दौरान एजेंसी ने चुनावी सभा के आयोजन में उनकी भूमिका, संभावित भीड़ के बारे में उनकी जानकारी, सुरक्षा व्यवस्था तथा कार्यक्रम के निर्धारित समय और उनके पहुंचने के बीच सात घंटे के अंतर को लेकर सवाल किए।
माना जा रहा है कि इसी देरी के कारण भीड़ बढ़ने और बाद में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा होने की संभावना की जांच की जा रही है। यह मामला 27 सितंबर को विजय की पार्टी के चुनावी कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ से जुड़ा है, जिसमें 41 लोगों की मृत्यु हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद अक्टूबर में इस मामले की जांच तमिलनाडु पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दी गयी थी।
मामले की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीशों की एक समिति भी गठित की गयी है। राजनीतिक स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने इस घटना की जांच के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की आठ सदस्यीय टीम भी गठित की जिसकी संयोजक मथुरा से सांसद हेमा मालिनी हैं। इस टीम में अनुराग ठाकुर और तेजस्वी सूर्या भी शामिल हैं।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 16 , 2026, 08:13 AM