Celebrations After T20 World Cup Victory: अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकतरफा जीत के साथ लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप खिताब (T20 World Cup title) जैसे ही अपने नाम किया, समूचे उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रशंसक खुशी से झूम उठे। अपनी खुशी का इजहार क्रिकेट के दीवानो ने ढोल नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी के साथ किया। जश्न का यह सिलसिला मध्य रात्रि के बाद तक जारी रहा। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, मेरठ, कानपुर समेत समूचे राज्य में होली के बाद दिवाली जैसा नजारा दिखा। इस ऐतिहासिक जीत (historic victory) के जश्न में धार्मिक नगरी काशी आधी रात तक उत्सव में डूब गई।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सिंह द्वार पर हजारों छात्रों और काशीवासियों ने ढोल-नगाड़ों, भांगड़ा और आतिशबाजी के साथ जीत का उत्सव मनाया। हर ओर तिरंगा लहरा रहा था और 'हर हर महादेव' के उद्घोष गूंज रहे थे। काशी की गलियाँ भी भारतीय टीम की जीत के रंग में रंग गईं। गगनचुंबी आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। गोदौलिया, दशाश्वमेध, महमूरगंज, निरालानगर, पांडेयपुर, लहुराबीर, चौक सहित शहर के तमाम इलाकों में क्रिकेट का जुनून देखते ही बन रहा था। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव का भारतीय टीम की जीत के बाद का डांस वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुराने लखनऊ के अमीनाबाद,नक्खाश,बाजारखाला में क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ सड़क पर उतर आयी। हर तरफ लहराते तिरंगे और भारत माता की जय के नारे इस बात की तस्कीद कर रहे थे कि क्रिकेट देश की आत्मा में बसता है। गोमतीनगर, इंदिरानगर, अलीगंज, कपूरथला, सरोजनीनगर और तेलीबाग समेत समूचे लखनऊ में आतिशबाजी का दौर देर रात तक जारी रहा। कानपुर में भी टी20 विश्वकप जीत का जुनून सिर चढ़ कर बोला। सुबह से ही औद्योगिक नगरी क्रिकेट के बुखार में जकड़ गयी थी।
भारतीय टीम की जीत के लिये पूजा, हवन और प्रार्थनाओं का सिलसिला शुरु हुआ जो देर रात सूर्य कुमार यादव के अगुवाई वाली टीम की जीत के साथ आतिशबाजी और ढोल नगाड़ो के रुप में तब्दील हो गया। उधर वाराणसी में शहर के कई इलाकों में बड़ी स्क्रीनों पर मैच का प्रसारण दिखाया गया, जहाँ लोग उत्साह से मैच का लुत्फ उठाते नजर आए। बीएचयू के छात्र अमन सिंह ने बताया, "क्रिकेट भारत में मात्र एक खेल नहीं, बल्कि हर भारतीय की भावनाओं से जुड़ा हुआ है।" वहीं, व्यापारी मनोहर लालवानी ने कहा, "विश्व कप जीतना हमारे लिए गर्व की बात है। सभी भारतीय खिलाड़ियों को ढेरों शुभकामनाएँ।"



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 09 , 2026, 01:04 PM