National and State News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में होली के दौरान स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। बुधवार सुबह आठ बजे से शुक्रवार शाम छह बजे तक इमरजेंसी और विभिन्न विभागों में कुल 365 मरीजों का इलाज किया गया। अस्पताल के अनुसार मेडिसिन विभाग में 67, ट्रॉमा सेंटर में 38 तथा इमरजेंसी ओपीडी में 260 मरीज पहुंचे। इस दौरान फूड पॉइजनिंग के मामले सबसे अधिक रहे। इसके अलावा रंगों से एलर्जी, त्वचा में जलन, सड़क हादसे और नशे में गिरने के मामले भी सामने आए। चिकित्सकों के अनुसार अनियमित खानपान, बासी भोजन और तले-भुने व्यंजनों के कारण फूड पॉइजनिंग के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इन मरीजों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत थी, जिनका तत्काल उपचार किया गया। डॉ. वी. के. पांडेय ने शनिवार को बताया कि होली के अवसर पर विशेष इमरजेंसी व्यवस्था की गई थी। अतिरिक्त डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए गए थे, जिससे कोई गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। वहीं डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि सभी मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं में नशा और तेज वाहन चलाने के कारण ट्रॉमा सेंटर में भी कुछ मामले आए, लेकिन अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर और बर्न यूनिट की सुविधाओं से मरीजों को बेहतर इलाज दिया गया।
कौशांबी में कंटेनर की टक्कर से स्कार्पियो चालक की मौत
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शनिवार भोर में कंटेनर और स्कॉर्पियो की भिड़ंत में स्कॉर्पियो चालक की मौके पर मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार कंटेनर कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसिया पश्चिम गांव के पास पहुंचा, उसने आगे चल रही स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक शिवांक त्रिपाठी (30) पुत्र अजय कुमार निवासी अजुहा थाना सैनी, कौशांबी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुलंदशहर में गोली मार कर की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा नगर में बीती देर रात एक व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि खुर्जा नगर के मोहल्ला हनुमान टीला निवासी चमन बंसल का पुत्र मनीष बंसल (42) छह मार्च की रात लगभग सवा दस बजे अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे में सोने के लिए गया था। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मनीष बंसल को गोली लगी अवस्था में पाया गया। बताया जाता है कि मनीष बंसल ने अवैध कट्टे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से अवैध कट्टा और एक खोखा कारतूस बरामद किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि मृतक के पिता चमन बंसल लंबे समय से कथित सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़े रहे हैं और पुलिस की दबिश से परेशान होकर मनीष बंसल ने आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कौशांबी में आठवीं कक्षा की छात्रा ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के कुंडावल गांव में शुक्रवार देर शाम आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका निशा (14) कक्षा आठ की छात्रा थी। शुक्रवार को उसने घर के अंदर कमरे का दरवाजा बंद कर छत के चुल्ले के सहारे गले में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार छात्रा ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की, इसकी जांच की जा रही है।
सारण :सड़क दुघर्टना में तीन लोगों की मौत
बिहार के सारण जिले में तीन अलग-अलग सड़क दुघर्टना में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को यहां बताया कि मेहरौली गांव निवासी भरत प्रसाद सिंह(70) अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से जिला मुख्यालय आ रहे थे। इसी दौरान डोरीगंज थाना क्षेत्र में दफ्दरपुर गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास कार ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में वह घायल हो गए।जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरी घटना में दरियापुर थाना क्षेत्र में धेनुकी बाजार के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आने से कोचवारा गांव निवासी सुदामा कुमार (20) की मौत हो गई। तीसरी घटना में सहाजीतपुर थाना क्षेत्र में स्थानीय निवासी रमजान अंसारी (19) सड़क दुघर्टना में घायल हो गया था। जिसकी मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।तीनों थाना की पुलिस इस मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
नगर परिषद कार्यालय में लगी आग
मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद कार्यालय में बीती रात अज्ञात कारणों से लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कार्यालय का एक हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। सुसनेर नगर के डाक बंगला रोड स्थित इस कार्यालय परिसर से देर रात धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत नगर परिषद कर्मचारियों और अधिकारियों को सूचना दी। थोडी ही देर में आग की लपटें दूर-दूर से दिखने लगी। जानकारी मिलते ही कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Mar 07 , 2026, 01:08 PM