DMK-Congress agreement: आगामी विधानसभा चुनावों से पहले द्रमुक-कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर किया समझौता!

Wed, Mar 04 , 2026, 09:22 PM

Source : Uni India

चेन्नई। तमिलनाडु में सत्ता के बंटवारे और सीटों की संख्या को लेकर पैदा हुए लंबे गतिरोध को देखते हुए वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के हस्तक्षेप के बाद सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) और कांग्रेस ने बुधवार रात राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव (Upcoming Assembly Elections) के लिए सीटों के बंटवारे के समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए। लंबी बातचीत के बाद हस्ताक्षरित समझौते के अनुसार, कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट आवंटित की गई है। समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति (TNCC) के अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थागाई ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

ऐसा भी माना जा रहा है कि द्रमुक ने 2028 में एक राज्यसभा सीट देने का वादा किया है, हालांकि दोनों दलों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि या घोषणा नहीं की गई है।
राज्य विधानसभा से राज्यसभा चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन की पूर्व संध्या पर पिछले दो दिनों में हुई गहन चर्चा के बाद इस समझौते को अंतिम रूप दिया गया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन और सेल्वापेरुन्थागाई के बीच हस्ताक्षरित समझौते के तहत कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और एक राज्यसभा सीट मिली है। कांग्रेस किन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेगी, इसकी पहचान अगले दौर की बातचीत में की जाएगी। दोनो दल राज्यसभा उम्मीदवारों का नामांकन गुरूवार को दाखिल करेंगे।

सेल्वापेरुन्थागाई ने कहा कि कांग्रेस जल्द ही राज्यसभा उम्मीदवार की घोषणा करेगी और पार्टी इस समझौते से पूरी तरह संतुष्ट एवं खुश है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस द्वारा 39 विधानसभा और दो राज्यसभा सीटों की मांग पर अड़े रहने के कारण संबंधों में तनाव आ गया था। हालांकि, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के अनुरोध पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने हस्तक्षेप किया और मंगलवार को श्री स्टालिन के साथ बातचीत की, जिसका मुख्य केंद्र बिंदु भारतीय जनता पार्टी (BJP) को हराना था। इसके बाद द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अंततः 28 सीटें और एक राज्यसभा सीट देने पर सहमति व्यक्त की।

द्रमुक ने मंगलवार रात अपने नए सहयोगी, दिवंगत अभिनेता-राजनेता विजयकांत की पार्टी देशिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) को एक राज्यसभा सीट आवंटित की थी। अगले महीने खाली होने वाली राज्यसभा की कुल छह सीटों में से द्रमुक आसानी से चार सीटें जीत सकती है, जिनमें से एक वह डीएमडीके को दे चुकी है। मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) अन्य दो सीटें जीत सकती है, जिसने कथित तौर पर अपनी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके-अंबुमणि) को एक सीट देने पर सहमति जताई है। अंततः द्रमुक ने अपने पुराने सहयोगी कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे का समझौता कर लिया है, जिससे दोनों पक्षों के बीच संबंध और मजबूत हुए हैं। दोनों पक्षों ने 2021 के चुनावों की तरह एक बार फिर मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups