पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar Chief Minister Nitish Kumar) ने सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान (Sabka Samman - Jeevan Aasan)’ के तहत सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के लिये कई अहम फैसलों का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को बिहार के लोगों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों के लिए बड़ा फैसला लिया है, जिससे आम लोगों को कोई परेशानी ना हो। कुमार ने आज एक्स पर लिखा, 20 नवंबर 2025 को राज्य में नई सरकार के गठन के बाद सात निश्चय-3 (Saat Nischay-3) के कार्यक्रमों को लागू किया गया है। सात निश्चय-3 (2025-30) के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन को आसान बनाने के लिए सरकर लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में सड़कों पर पैदल चलने वाले नागरिकों के सम्मान एवं सुविधा के लिए भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
कुमार ने कहा,बिहार प्रगति के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। राज्यवासियों की आमदनी बढ़ रही है, जिसके कारण राज्य की सड़कों पर दो पहिया-चार पहिया वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन राज्य की सड़कों पर बढ़ते वाहनों की वजह से सड़कों पर पैदल चलने वाले यात्रियों को असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक चलना पैदल चलने वाले लोगों का पहला अधिकार है। इसे लेकर परिवहन विभाग को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं, जिससे सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
कुमार ने बताया, सड़क सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए राज्य के शहरी क्षेत्रों में विशेषकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर यथाशीघ्र फुटपाथ बनाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित जगहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का निर्देश दिया गया है। कुमार ने बताया कि पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए चिह्नित स्थानों पर फुट ओवर ब्रिज/एस्केलेटर और अंडरपास बनाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी सरकारी एवं निजी वाहन चालकों को प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है, जिससे वाहन चालक सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशील हो सकें।
कुमार ने बताया कि राज्य के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में अधिक सड़क दुर्घटना की संभावना वाली जगहों को चिह्नित कर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ का निर्माण एवं सीसीटीवीकैमरा लगाने का निर्देश दिया गया है, जिससे उसका आकलन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। मुख्यमंत्री कुमार ने बताया कि राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों को उपरोक्त सभी सुविधाएं जल्द से जल्द मिल सकें, इसे लेकर परिवहन विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया गया है।उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह पहल राज्य की सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी और उनका दैनिक जीवन आसान होगा।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Feb 21 , 2026, 01:00 PM