नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस (Cyber Crime Police Station) और सेक्टर 126 थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्रू-शिप कंपनियों (crew-ship companies) में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने बुधवार को कहा कि गोपनीय सूचना के आधार पर नोएडा सेक्टर 132 स्थित एक कार्यालय पर छापा मारकर कार्रवाई की गई।
यहां से राहुल, प्रशान्त, विशाल शर्मा और सैफ वारिश नामक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये चारों अलग अलग जगह के रहने वाले हैं जिनमें पहला जालौन, दूसरा अलीगढ़, तीसरा नोएडा, चौथा कानपुर का निवासी है। इनके कब्जे से तीन लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, छब्बीस कॉलिंग डाटा शीट, इक्कीस कॉलिंग रजिस्टर, चार मोहर, चार फर्जी जॉइनिंग लेटर तथा बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड सहित अन्य बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी सेक्टर 132 में हायर मरीन सर्विस कंपनी (Hire Marine Service Company) नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे। यह गिरोह क्रू-शिप में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से संपर्क करता था और आकर्षक वेतन व विदेश में नियुक्ति का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग व अन्य शुल्क के नाम पर प्रति व्यक्ति एक लाख से एक लाख बीस हजार रुपये तक वसूलता था। तथा इन्होंने विभिन्न बैंक खातों में अब तक करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की है। बरामद बैंक खातों के संबंध में केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में शिकायतें दर्ज मिली हैं। फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Feb 11 , 2026, 08:09 PM