National News : राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र (Pallu police station area) में चार महीने से लापता युवक मदनलाल मेघवाल (Madanlal Meghwal) का नर कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को धुलंडी के मौके पर लाडम गांव में रंग-बिरंगे उत्सव का माहौल था। एक बालक अपने दोस्तों द्वारा रंग लगाए जाने से बचने के लिए सरकारी स्कूल के पीछे पानी की टंकी के पास छुप गया। बालक ने पुलिस को बताया कि उसने टंकी पर लगा लोहे का ढक्कन हटाकर अंदर झांका तो पानी में तैरता नर कंकाल दिखाई दिया। बालक ने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को फोन किया गया। थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि मृतक की पहचान उसके कपड़ों में मिले मोबाइल फोन और आधार कार्ड से मदनलाल मेघवाल (18) के रूप में हुई है। मदनलाल की मां मंजू मेघवाल (40) ने कुछ लाेगों पर शक जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके शव पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया गया है।
दो पक्षों के झगड़े में चार लोग घायल
राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में जाडोली गांव में दो पक्षों में हुए झगड़े में चार लोग घायल हो गये हैं। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार दोपहर को बच्चों के बीच हुई कहासुनी को लेकर दो पक्षों में तनाव पैदा हो गया। उस समय मामला शांत हो गया लेकिन शाम को विवाद फिर भड़क गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुयी। पुलिस ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। इनमें प्रेमचंद ओड़ राजपूत के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे जिला अस्पताल अलवर भेज दिया गया, जबकि लेखराज, रामपाल और देवीचंद का उपचार उप जिला अस्पताल रामगढ़ में चल रहा है। मामले में घायल पक्ष के लेखराज ने खूबचंद ओड़ राजपूत एवं उसके साथियों पर घर पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला करने और दहशत फैलाने के लिए गोलीबारी करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फिलहाल शांति भंग के आरोप में खूबचंद पक्ष के दो युवकों राजेंद्र और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है।
मोदी ने बीजू पटनायक की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ओडिशा के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य के विकास में उनके योगदान को याद किया। मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में सार्वजनिक जीवन के प्रति पटनायक की प्रतिबद्धता और ओडिशा की प्रगति के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया। उन्होंने लिखा, “आज मैं श्री बीजू पटनायक की जयंती के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ओडिशा की प्रगति को आगे बढ़ाने के प्रति उनके जुनून को याद करता हूं।” पटनायक ओडिशा की राजनीति के एक प्रमुख नेता थे और उन्होंने दो बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्हें दूरदर्शी प्रशासनिक क्षमता और साहसी व्यक्तित्व के लिए जाना जाता था। स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका और विमानन क्षेत्र में उनके साहसिक पहलों के लिए भी उन्हें व्यापक सम्मान मिला।
सुपौल : सड़क दुघर्टना में दो युवकों की मौत
बिहार में सुपौल जिले के ललित ग्राम थाना क्षेत्र में सड़क दुघर्टना में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक जा रहे थे, इस दौरान राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 27 पर क्वार्टर चौक के समीप मोटरसाइकिल सड़क के किनारे रेलिंग से टकरा गयी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत घटनास्थल स्थल पर ही हो गई,जबकि दूसरे युवक की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गई । मृतकों की पहचान जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र निवासी सुरेश मरिक (22) और मिथिलेश मरिक (24)के रूप में की गयी है। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है ।
आगरा में ऑटो चालक की जल कर मृत्यु,प्रेमिका पर आरोप
उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के शाहगंज क्षेत्र में एक ऑटो चालक की जल कर हुयी मृत्यु के मामले में प्रेमिका पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक चांद ऑटो चालक था और विवाहित था, जबकि शबनम विधवा बताई जा रही है। दोनों लगभग दो वर्षों तक लिव-इन रिलेशन में रहे। करीब 15 दिन पूर्व शबनम ने अपने देवर सोनू खान से विवाह कर लिया था। जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी की रात चांद को जली अवस्था में सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने तिराहे पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि चांद के पास कुछ आपत्तिजनक वीडियो थे, जिन्हें लेकर शबनम उस पर दबाव बना रही थी। आरोप है कि 27 फरवरी की देर शाम करीब नौ बजे ऑटो रुकवाकर चांद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी गई और आरोपी फरार हो गए। परिजनों का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 05 , 2026, 12:39 PM