जमुई सीट पर दूसरी बार निशाना लगाने के लिये तैयार श्रेयसी,मंत्री सुमित और पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश की प्रतिष्ठा दांव पर

Sun, Nov 02 , 2025, 02:18 PM

Source : Uni India

पटना:  बिहार में 11 नवंबर को दूसरे चरण के 122 सीटों पर होने वाले चुनाव में जमुई जिले की जमुई सीट (Jamui seat in Jamui district) पर अंतर्राष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह (International shooter Shreyasi Singh) दूसरी बार निशाना लगाने के लिये तैयार हैं, वहीं चकाई सीट पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित सिंह (Technology Minister Sumit Singh) तथा झाझा सीट (Jhajha Seat) पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। जमुई जिले की सभी चार सीटें चकाई, जमुई, झाझा और सिकंदरा (सुरक्षित) पर पिछले चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवारों को पराजय का सामना करना पड़ा था। झाझा पर जनता दल यूनाईटेड (जदयू),जमुई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), सिकंदरा (सुरक्षित) पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और चकाई में निर्दलीय सुमित कुमार सिंह ने कब्जा जमाया था।

चकाई विधानसभा सीट से मंत्री सुमित सिंह जदयू के टिकट पर चुनावी दंगल में जोर आजमा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने यहां पूर्व विधायक सावित्री देवी को उम्मीदवार बनाया है। जदयू से बागी पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद निर्दलीय चुनावी दंगल में उतर आये हैं। वर्ष 2020 में पूर्व मंत्री दिवंगत नरेन्द्र सिंह के पुत्र सुमित कुमार सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और राजद उम्मीदवार सावित्री देवी को पराजित किया था। जदयू उम्मीदवार संजय प्रसाद तीसरे नंबर पर रहे थे। इसके बाद सुमित कुमार सिंह, नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री बनाये गये।इससे पूर्व वर्ष 2010 में सुमित सिंह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के टिकट पर चुनाव जीता था। वर्ष 2015 में सुमित सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें राजद की प्रत्याशी सावित्री देवी ने पराजित कर दिया था।

सुमित कुमार के पिता दिग्गज नेता नरेन्द्र सिंह ने तीन बार इस सीट पर जीत हासिल की थी। चकाई विधानसभा सीट की पहचान इसकी भौगोलिक स्थिति से जुड़ी है। यह इलाका झारखंड के देवघर, गिरिडीह और मधुपुर जैसे शहरों के नजदीक है, जिससे यहां की संस्कृति और राजनीति पर भी पड़ोसी राज्य का असर देखा जा सकता है। इस बार का मुकाबला एक बार फिर दिलचस्प हो गया है। सुमित सिंह, जिन्होंने वर्ष 2020 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी, अब जदयू के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। महागठबंधन की ओर से राजद ने सावित्री देवी को उम्मीदवार बनाया है, जो अपनी पार्टी के पारंपरिक आधार को मजबूत करते हुए सीट वापस हासिल करने की कोशिश करेंगी। चकाई सीट पर 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुये हैं।

जमुई विधानसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह एवं पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री और राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय शूटर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक श्रेयसी सिंह चुनावी संग्राम में फिर से अपना जौहर दिखाने के लिये बेताब हैं। वहीं राजद ने यहां मोहम्मद शमशाद को प्रत्याशी बनाया है। वर्ष 2020 के चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार श्रेयसी सिंह ने सियासी अखाड़े में तत्कालीन विधायक विजय प्रकाश को मात देकर अपनी राजनीतिक पारी का शानदार आगाज किया था। जन अधिकारी पार्टी (जाप) उम्मीदवार मोहम्मद शमशाद आलम तीसरे नंबर पर रहे थे।इस चुनाव में पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह के पुत्र पूर्व विधायक अजय प्रताप राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के टिकट पर चुनावी दंगल में उतरे थे, लेकिन उन्हें तीसरे नंबर पर ही संतोष करना पड़ा था।

नरेन्द्र सिंह ने यहां 2000 और अजय प्रताप ने 2010 में जीत हासिल की है। नरेन्द्र सिंह के बड़े पुत्र दिवंगत अभय सिंह ने अक्टूबर 2005 मे इस सीट पर जीत हासिल की थी। श्रेयसी सिंह की जीत ने भाजपा को इस इलाके में नई राजनीतिक जमीन दी। वर्ष 2020 में भाजपा ने यहां पहली बार पार्टी का ‘कमल’ खिलाया था। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो 2025 में यह सीट फिर से हॉट सीट बन गयी है। भाजपा को यहां श्रेयसी की लोकप्रियता और केंद्र की योजनाओं का फायदा मिल सकता है।वहीं राजद अब अपने परंपरागत वोट बैंक की वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। जमुई सीट से 12 उम्मीदवार चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं।देखना दिलचस्प होगा कि जमुई विधानसभा: सीट पर श्रेयसी सिंह दोबारा सही निशाना लगाने में कितना कामयाब हो पाती हैं।

झाझा सीट से जदयू ने पूर्व मंत्री और विधायक दामोदर रावत पर फिर भरोसा जताते हुये उन्हें उम्मीदवार बनाया है। वहीं राजद ने यहां पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव को प्रत्याशी बनाया है। वर्ष 2000 के विधानसभा चुनाव से यहां लगातार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों को मतदाताओं ने अपनी पसंद बनाया। वर्ष 2000 विधानसभा चुनाव के अलावा 2005, 2010 और 2020 में जदयू प्रत्याशी के तौर पर दामोदर रावत को मतदाताओं ने प्रतिनिधित्व का अवसर दिया। हालांकि वर्ष 2015 के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार डॉ. रविंद्र यादव ने जदयू उम्मीदवार दामोदर रावत को मात दे दी थी।

महागठबंधन में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और लालू यादव की पार्टी राजद के साथ रहते हुए भी यहां महागठबंधन की दाल नहीं गली थी। झाझा सीट पर पांच का दम दिखा चुके श्री रावत चुनावी सिक्सर लगाने की कोशिश में हैं, वहीं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री यादव उनके विजयी रथ को रोक कर यहां राजद की लालटेन रोशन करने की कोशिश में हैं। वर्ष 2020 के चुनाव में जदयू उम्मीदवार श्री रावत ने राजद उम्मीदवार राजेन्द्र प्रसाद यादव को पराजित किया था। इस चुनाव में राजग में सीटों के तालमेल के तहत झाझा सीट जदयू के खाते में चली गई थी।भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर तत्कालीन विधायक डा. रवीन्द्र यादव ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें चौथे नंबर पर संतोष करना पड़ा।

झाझा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रशेखर सिंह ने तीन बार 1952, 1957 और 1969 में इस सीट पर जीत हासिल की है। झाझा सीट पर नौ प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में उतरे हैं। सिकंदरा (सुरक्षित) सीट से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की टिकट पर विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी चुनावी रणभूमि में दूसरी बार ताल ठोक रहे हैं।वहीं राजद ने यहां दिग्गज नेता पूर्व विधान सभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को चुनावी अखाड़े में उतार दिया है। कांग्रेस के टिकट पर विनोद चौधरी चुनावी रणभूमि में उतरे हैं। महागठंधन के दोनों घटक दल राजद और कांग्रेस के इस सीट पर चुनावी संग्राम में उतर जाने पर इसका फायदा हम उम्मीदवार श्री मांझी को मिल सकता है।

जनसुराज के सुभाष चंद्र बोस मुकाबले को चतुष्कोणीय बनाने की कोशिश में हैं। वर्ष 2020 में हम उम्मीदवार श्री मांझी ने कांग्रेस के तत्कालीन विधायक सुधीर कुमार सिंह उर्फ बंटी को मात दी थी। इस चुनाव मं जदयू से टिकट कटने के बाद पूर्व मंत्री रामेश्वर पासवान ने लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें चौथे नंबर पर संतोष करना पड़ा। निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्र बोस तीसरे नंबर पर रहे थे। इस सीट से सर्वाधिक सात बार रामेश्वर पासवान ने जीत हासिल की है। सिकंदरा (सुरक्षित) सीट पर 10 उम्मीदवार भाग्य आजमा रहे हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups