Business worth: महापर्व छठ पर देशभर में हुआ 50 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार : कैट

Tue, Oct 28 , 2025, 08:37 PM

Source : Uni India

नयी दिल्ली। कन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAT) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीन खंडेलवाल (Praveen Khandelwal) ने मंगलवार को छठ महापर्व पर देशभर में 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार होने का दावा किया। खंडेलवाल ने कहा कि आज देश भर में संपन्न हुए छठ पूजा महापर्व ने जहां देश की प्राचीन संस्कृति एवं सभ्यता का दर्शन कराया, वहीं बड़े स्तर पर इस महापर्व का आर्थिक प्रभाव भी इस बार दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी वस्तुओं को बेचने एवं ख़रीदने के आह्वान और वस्तु एवं सेवाकर (GST) की दरों में कटौती के साथ लोगों की आस्था और विश्वास का अद्भुत संगम इस बार छठ पर्व पर दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि छठ पर्व की समाप्ति के बाद कैट के आकलन के अनुसार देश भर में लगभग 10 करोड़ से अधिक लोगों ने छठ पर्व मनाया तथा मोटे तौर पर बिहार एवं झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों में छठ पर्व पर लगभग 50 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। श्री खंडेलवाल के अनुसार दिल्ली में कारोबार लगभग आठ हज़ार करोड़, बिहार में लगभग 15 हज़ार करोड़ एवं झारखण्ड में लगभग पांच हज़ार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।

श्री खंडेलवाल ने बताया कि छठ पर्व के पारंपरिक राज्य बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान की अधिकतम स्थानीय मांग हुई, वहीं दिल्ली तथा एनसीआर क्षेत्र में बड़ी पूर्वांचली आबादी के कारण बड़ा व्यापार हुआ। दिल्ली सरकार द्वारा लगभग 1,500 घाट तैयार किये गये। पूजा सामग्री, अस्थायी ढांचों, सुरक्षा और सफाई सेवाओं पर बड़ा खर्च हुआ। पश्चिम बंगाल में प्रवासी समुदायों के कारण गंगा तटों पर व्यापक आयोजन हुए, वहीं मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान आदि राज्यों में तालाबों और घाटों की मरम्मत और नयी सुविधाएं विकसित की गयीं।

उन्होंने बताया कि ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना आदि में प्रवासी जनसंख्या के कारण स्थानीय बाजारों में उल्लेखनीय खरीदारी दर्ज की गयी। उन्होंने कहा की पारंपरिक राज्यों के अतिरिक्त अब छठ उत्सव का आर्थिक प्रभाव महानगरों और नये राज्यों तक फैल चुका है, जहां प्रवासी समुदायों ने वस्तुओं की स्थानीय मांग को बढ़ाया।श्री खंडेलवाल ने कहा कि छठ पर्व पर हुई खरीदारी में कृषि उत्पाद जैसे केला, गन्ना, नारियल, मौसमी फल, चावल, अनाज आदि और प्रसाद एवं मिठाई में ठेकुआ, खीर की सामग्री, लड्डू, गुड़ उत्पाद, पूजन सामग्री में टोकरी, दीये, पत्तल, फूल, मिट्टी के बर्तन, पैकिंग सामग्री तथा घाट निर्माण, लाइटिंग, सुरक्षा, सफाई, नाव सेवा आदि पर्व संबंधित सेवाओं के कारोबार में भी बड़ी वृद्धि हुई।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के आह्वान से देश भर के स्थानीय बाजारों में "स्वदेशी छठ" अभियानों के तहत स्थानीय ठेकुआ निर्माताओं, मिट्टी के बर्तन, बाँस व केले की टोकरी बनाने वालों और गुड़ उत्पादकों को बढ़ावा मिला जिसके परिणामस्वरूप स्थानीय हस्तशिल्प और घरेलू उत्पादों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी। इसके अलावा देशभर में घाट-संबंधित कार्यों, स्थानीय निकायों द्वारा की गई तैयारियों और पूरक सेवाओं पर कुल व्यय सैकड़ों से हज़ारों करोड़ रुपये तक आंका जा सकता है। खंडेलवाल ने बताया कि छठ पर्व का रोज़गार पर भी खासा प्रभाव हुआ है। अस्थायी दुकानदारों, ठेकुआ निर्माताओं, सफाईकर्मियों, नाविकों, सुरक्षा एवं परिवहन कर्मियों के लिए अल्पावधि रोजगार सृजन भी हुआ है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups