अमृतसर: पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) सोमवार को अमृतसर पहुंचे और वह अमृतसर एयरपोर्ट से अजनाला के लिए रवाना (Ajnala from Amritsar Airport) हो गए हैं। यहां वह बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। गांधी गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब जी, रामदास, अजनाला में मत्था टेकेंगे। इसके पश्चात सुबह 11:45 बजे: गुरचक, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर में किसानों के साथ बातचीत करेंगे। अपराह्न 1:45 बजे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे और मकोरा, दीना नगर, गुरदासपुर में स्थानीय समुदाय के साथ बातचीत करेंगे। कांग्रेस नेता का पंजाब में आई बाढ़ के बाद यह पहला दौरा हैं। गुरुद्वारा में गांधी सेवा कर रहे संगत से बातचीत करेंगे और पीड़ित परिवारों की परेशानियों को सुनेंगे। इसके साथ ही वह राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय प्रशासन एवं संगठनों से मिलकर राहत सामग्री तथा पुनर्वास कार्यों की स्थिति पर चर्चा करेंगे।
इसके बाद गांधी गुरदासपुर जाएंगे, जहां वे बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे। वे स्थानीय लोगों और किसानों से सीधे संवाद कर जानेंगे कि उन्हें किस प्रकार की मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसके बाद कांग्रेस नेता गुरदासपुर में दीना नगर जाएंगे जहां ग्रामीणों से संवाद करेंगे। दौरे के बाद राहुल गांधी शाम तक दिल्ली लौट जाएंगे। गांधी जिस गाड़ी में सवार हैं उसे खुद पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग चला रहे हैं। इसके अलावा विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद हैं। श्री गांधी पठानकोट भी जाएंगे। उल्लेखनीय है कि बाढ़ से 23 जिलों के 2097 गांव प्रभावित हुए। लगभग एक लाख 91 हजार 926 हेक्टेयर में फसलें बाढ के पानी में डूब गईं और 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो गयी है।
गांधी के दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंजाब का दौरा किया था। उन्होंने हालात को देखते हुए राज्य को 1600 करोड़ रुपए देने का एलान किया था। जिसे मान सरकार ने नाकाफी बताया था। राज्य सरकार ने इसे आपदा घोषित किया हुआ है। सरकार ने किसानों को फसलों के नुकसान पर 20 हजार प्रति एकड़ देने का एलान किया है। साथ ही मृतकों के परिवारों को चार-चार लाख रुपए दिए जाएंगे। जो रेत खेतों में बहकर आई है, उसे किसानों को उठाने की मंजूरी दी है। बारिश और बाढ़ से हुए हुए नुकसान के आधार पर राज्य सरकार ने केंद्र से 20 हजार करोड़ के राहत पैकेज की मांग की थी। इसके अलावा रुके हुए 60 हजार करोड़ रुपए तुरंत जारी करने की मांग भी की थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को पत्र भी लिखा था।
अपने सात घंटे के दौरे के बाद गांधी सीधे पठानकोट एयरपोर्ट से विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। वह पड़ोसी कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश नहीं जाएंगे, जहां इस बार प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान हुआ है। पहले पंजाब के दौरे के साथ ही गांधी के हिमाचल प्रदेश जाने और वहां बाढ़ पीड़ितों से भी मुलाकात करने की चर्चाएं थीं लेकिन अब वह पंजाब से ही दिल्ली लौट जाएंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात पर चिंता जताई थी।
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि "देश के कई हिस्से जिनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं, मैं भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की कामना करता हूं।"गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेता से भी अपील की थी कि राहत बचाव कार्य में बढ़ चढ़कर सहयोग करें। उन्होंने सरकार से अपील की थी कि सभी प्रभावित इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर बचाव अभियान तेज किया जाए, ताकि जनहानि रोकी जा सके और जरूरतमंदों को समय पर मदद पहुंच सके।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Sep 15 , 2025, 03:35 PM