विधायक-कलेक्टर विवाद, विधायक को भोपाल तलब, अधिकारियों ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

Sat, Aug 30 , 2025, 12:05 PM

Source : Uni India

MLA-Collector Dispute : मध्यप्रदेश के भिंड जिले में भारतीय जनता पार्टी के विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह (BJP MLA Narendra Singh Kushwaha) और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव (Collector Sanjeev Srivastava) के बीच तीन दिन पहले हुई जमकर नोकझोंक के मामले में जहां एक ओर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने संज्ञान लिया है, वहीं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (Chief Minister Dr Mohan Yadav) से इस दुर्व्यवहार के विरोध में कार्रवाई का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार विधायक कुशवाह को कल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राजधानी भोपाल बुलाकर उन्हें अनुशासन बनाए रखने की सीख दी। उनसे कहा गया कि वे पार्टी की परंपरा को बनाए रखें, अनुशासनहीनता न करें और अपने व्यवहार को संयमित रखें।

इसी बीच कल देर शाम आईएएस ऐसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ यादव से मुलाकात की और उनसे इस मामले में कदम उठाए जाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सौंपे अपने पत्र में कहा कि जिला कलेक्टर जिला स्तर पर सरकार का प्रतिनिधित्व करता है। कलेक्टर का अपमान केवल उनकी नहीं, संपूर्ण शासन तंत्र की अधिकारिता का अपमान है। ऐसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस मामले में कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं नहीं हों। 

साथ ही फील्ड अधिकारियों की गरिमा, स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट दिशानिर्देश करने का भी अनुरोध किया गया। भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बीच 27 अगस्त को जमकर नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक कलेक्टर के बंगले के बाहर किसानों के साथ धरने पर बैठ गए और करीब चार घंटे तक डटे रहे। विधायक श्री कुशवाह किसानों की खाद समस्या को लेकर कुछ किसानों के साथ कलेक्टर के बंगले पर पहुंचे थे। कलेक्टर जब बाहर नहीं आए तो किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी।

 इसके बाद कलेक्टर गेट पर आए और गेट बंद करने का निर्देश दिया। इस पर विधायक गेट खुलवाने पर अड़ गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल होने लगा। दोनों की आक्रामक भाव-भंगिमा के चलते भी इस विवाद ने और गहरा रूप ले लिया। मामले को तीन दिन बीत जाने के बाद भी ये लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups