भुवनेश्वर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Draupadi Murmu), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi), ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को ओडिशा के लोगों को नुआखाई त्योहार (Nuakhai festival) की शुभकामनाएं दीं। नुआखाई पश्चिमी ओडिशा में व्यापक रूप से मनाया जाने वाला एक कृषि त्योहार है। नुआखाई में देवी को मौसम की पहली फसल अर्पित की जाती है और परिवार के बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया जाता है। फसलों का त्यौहार होने के अलावा यह पारिवारिक पुनर्मिलन (symbol of family reunion), सामाजिक सद्भाव, किसानों के प्रति सम्मान तथा कृषि एवं समाज के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध का प्रतीक है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "कृषि आधारित नुआखाई त्योहार के अवसर पर मैं सभी लोगों को विशेष कर ओडिशा के लोगों को हार्दिक बधाई देती हूं।" राष्ट्रपति ने कहा, “यह पर्व कृषि के प्रति सम्मान और किसानों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक पावन अवसर है। यह सद्भावना एवं आत्मीयता का प्रतीक है। नुआखाई सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।” मोदी ने एक्स पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, "नुआखाई जुहार। इस विशेष अवसर पर शुभकामनाएं। हम अपने मेहनती किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं और समाज के लिए उनके प्रयासों की सराहना करते हैं। सभी को खुशी एवं अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले।"
ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपति ने अपने संदेश में कहा, "पश्चिम ओडिशा में नुआखाई के सामूहिक त्योहार के अवसर पर राज्य के लोगों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई। मां समलेई के आशीर्वाद से सभी के जीवन में खुशी और समृद्धि आए।" मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने एक वीडियो संदेश में कहा, "नुआखाई हमारी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह समृद्धि एवं एकता का प्रतीक है। यह त्योहार सभी के जीवन में नई आशा, खुशी, शांति एवं समृद्धि लाए।"
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने लोगों, विशेषकर पश्चिमी ओडिशा के लोगों को बधाई दी।
उन्होंने कहा, "नुआखाई सिर्फ़ फ़सल का त्योहार नहीं है बल्कि यह हमारी संस्कृति की आत्मा है। हम मां समलेश्वरी के आगे नतमस्तक होकर मौसम के पहली फसल के लिए आभार व्यक्त करते हैं।" केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए त्योहार के सांस्कृतिक एवं कृषि महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "नुआखाई का अनूठा सार किसानों का उत्सव, सभी के लिए खाद्य सुरक्षा, दोस्ती एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान में निहित है।"उन्होंने कहा, " नुआखाई किसानों एवं कृषि की प्रगति को दर्शाता है।
यह न केवल नई शुरुआत का त्योहार है बल्कि सम्मान, एकता और सद्भाव का भी प्रतीक है।" पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री प्रधान का संबलपुर के मानेश्वर ब्लॉक के सिंदूरपान में नुआखाई मनाने का कार्यक्रम है। वह बाद में मां समलेश्वरी मंदिर जाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे और संबलपुर में ओडिशा सांस्कृतिक सोसायटी, नंदा पाड़ा में चित्रोत्पला युवा संघ और मां समलेश्वरी मंदिर प्रांगण में समलेश्वरी युवा संघ द्वारा आयोजित विभिन्न नुआखाई भेटघांट-2025 कार्यक्रमों में शामिल होंगे। ओडिशा सरकार ने नुआखाई त्यौहार के अवसर पर गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Aug 28 , 2025, 04:25 PM