पटना। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly elections) को लेकर पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम (Dr. Tyagarajan SM) ने जिले में गठित 21 कोषांगों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाने के लिये जिला प्रशासन पूरी तरह सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सभी कोषांग सतत क्रियाशील हैं और प्रत्येक कोषांग के नोडल पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी ने कार्मिक, वाहन, प्रशिक्षण, ईवीएम- वीवीपैट, स्वीप, सुरक्षा, आचार संहिता, मीडिया, आईटी, शिकायत निवारण समेत अन्य सभी कोषांगों को उनके कार्यों के सुचारु संचालन के निर्देश दिये। साथ ही मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधायें जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, साइनेज आदि सुनिश्चित करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया।उन्होंने बताया कि पटना जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5,665 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनकी निगरानी के लिए 563 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किये जायेंगे। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष के नये मतदाताओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिये उत्कृष्ट व्यवस्था की जायेगी।
जिलाधिकारी ने भेद्यता मानचित्रण, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, विधि- व्यवस्था, पोलिंग पार्टी की तैनाती, वाहन प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अंतर्कोषांगीय समन्वय बनाकर कार्य करने की हिदायत दी है। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें, जिससे एक समावेशी और मजबूत लोकतंत्र का निर्माण हो सके।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Aug 26 , 2025, 06:09 PM