पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने आज हीरो एशिया कप 2025 (Hero Asia Cup 2025) के आधिकारिक शुभंकर 'चांद' और ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। यह प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी टूर्नामेंट का 12वां संस्करण बिहार में पहली बार 29 अगस्त से 07 सितंबर 2025 तक राजगीर खेल परिसर के अत्याधुनिक अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम (International Hockey Stadium) में आयोजित होगा। श्री कुमार ने एक अणे मार्ग से ट्रॉफी गौरव यात्रा (Trophy Gaurav Yatra) को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
श्री कुमार ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि बिहार में हीरो एशिया कप- 2025 का आयोजन हम सभी के लिए गौरव की बात है। यह न केवल राज्य की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल आयोजन की क्षमता को प्रदर्शित करेगा बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी बिहार की वैश्विक छवि को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि राजगीर खेल परिसर में विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम बनाया गया है। राजगीर के इस खेल परिसर में राज्य सरकार ने कई प्रकार के खेलों के प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता आयोजन के लिये के लिये विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले देशों के खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी।
गौरतलब है कि हीरो एशिया कप 2025 का आधिकारिक शुभंकर 'चांद' साहस, स्फूर्ति और कौशल से परिपूर्ण भारत के राष्ट्रीय पशु बाघ का प्रतीक है। इसका लाल लबादा शक्ति और उत्साह को दर्शाता है, जबकि जादूगर की टोपी हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की असाधारण प्रतिभा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है। 'चांद' का नाम मेजर ध्यानचंद से प्रेरित है, जिन्होंने चांदनी रातों में अभ्यास कर हॉकी में इतिहास रचा। यह शुभंकर बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिज़र्व के गौरवशाली बाघ से भी प्रेरणा लेता है, जो शक्ति, चपलता और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
हॉकी स्टिक थामे और लक्ष्य पर केंद्रित 'चांद' अनुशासन, समर्पण और जीत के जुनून को दर्शाता है। इसकी टोपी खेल की जादुई कला और बाघ का रूप साहस व निर्भीकता का प्रतीक है। इसके सीने पर 'पद्म भूषण' मेजर ध्यानचंद के योगदान को सम्मान देता है। 'चांद' सिर्फ एक शुभंकर नहीं बल्कि हॉकी के जज्बे, बिहार के गौरव और खेल की भावना का प्रबल प्रतीक है। यह टूर्नामेंट 29 अगस्त (राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती) को शुरू होगा, जो हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Aug 17 , 2025, 08:42 PM