Maharashtra Raut local elections: शिवसेना(यूबीटी)- मनसे मिलकर महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव लड़ेंगे : राउत

Tue, Aug 05 , 2025, 10:16 PM

Source : Uni India

मुंबई। शिवसेना (UBT) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत (Sanjay Raut) ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) आगामी स्थानीय निकाय और नगर निगम चुनाव (Municipal Corporation Elections) मिलकर लड़ेंगे। राउत ने मनसे के साथ संभावित गठबंधन के बारे में संवाददाताओं के पूछे जाने पर कहा, “जरुर। दोनों ठाकरे जल्द ही एक साथ आएंगे और इस पर चर्चा करेंगे। हमारे कार्यकर्ताओं को विश्वास है कि हमें मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, नवी मुंबई, पुणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर सहित कई नगर निगमों में निश्चित रूप से बहुमत मिलेगा। गठबंधन ने हमारे कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है और वे विभिन्न शहरों में नगर निगम चुनावों में सफलता प्राप्त करेंगे।”

श्री ठाकरे की ओर से हालांकि किसी राजनीतिक गठबंधन की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आगामी मुंबई नगर निकाय चुनावों की तैयारी के लिए सोमवार को अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ संभावित गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर श्री ठाकरे ने कहा था, “किसके साथ गठबंधन करना है, यह मुझ पर छोड़ दीजिए। सही समय पर उचित निर्देश दिए जाएंगे। इस बार बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) हमारे हाथ में होगा।”
इस बीच प्रदेश चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने आज कहा कि राज्य में नगर निगमों, जिला परिषदों और ग्राम परिषदों के चुनाव दिवाली के बाद अक्टूबर के अंत तक कराए जाएंगे।

श्री वाघमारे ने यहां समीक्षा बैठक में चुनाव के लिए आवश्यक अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीकी उपकरणों की समीक्षा की। बैठक में नासिक और उत्तरी महाराष्ट्र के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। समीक्षा बैठक के बाद श्री वाघमारे ने चुनाव पूर्व तैयारियों के बारे में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शीर्ष न्यायालय ने चार महीने के भीतर चुनाव कराने का आदेश दिया है। इसके अनुसार नगर निगमों जैसे स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा “चूंकि राज्य में स्थानीय चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, इसलिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को शीर्ष न्यायालय ने कहा कि चुनाव ओबीसी आरक्षण और 2017 के वार्ड ढांचे के अनुसार होंगे। 

इसलिए, चुनाव कार्य अब गति पकड़ चुका है।” उन्होंने कहा कि अपर्याप्त जनशक्ति और मशीनरी के कारण सभी नगर निगमों, जिला परिषदों और ग्राम परिषदों के चुनाव एक साथ कराना असंभव है, इसलिए चुनाव चरणों में होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इन चुनावों के लिए मतदान वोटर वेरिफ़िएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के बिना होगा। उन्होंने कहा “एससी और एसटी आरक्षण तय हैं, लेकिन ओबीसी आरक्षण के लिए शीर्ष न्यायालय के फैसले के अनुसार लॉटरी पद्धति अपनायी जाएगी। पिछले चुनावों में भी ओबीसी आरक्षण दिया गया था और इस बार भी यही सिद्धांत लागू होगा।” उन्होंने बताया कि मतदाता सूची और वार्ड संरचना पर काम शुरू हो गया है। चुनाव एक जुलाई- 2025 की मतदाता सूची के आधार पर होंगे। वार्ड संरचना का मसौदा तैयार होने के बाद अगली प्रक्रिया लागू की जाएगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups