Congress to celebrate black day: कांग्रेस कश्मीर में पांच अगस्त को मनायेगी काला दिवस!

Tue, Jul 29 , 2025, 08:31 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

जम्मू: जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने सोमवार को पार्टी के 'दिल्ली चलो' कार्यक्रम के बाद केंद्र शासित प्रदेश को फिर से राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलन को तेज़ करने के लिए विरोध प्रदर्शन, भूख हड़ताल और जनसंपर्क कार्यक्रमों के नये कार्यक्रम की घोषणा की। कर्रा ने यहां मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी पांच अगस्त को जम्मू, श्रीनगर और केंद्र शासित प्रदेश के अन्य सभी जिलों में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा, "इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाया जाएगा और प्रदेश को फिर से राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर सभी जिला मुख्यालयों के अलावा महाराजा हरि सिंह प्रतिमा पार्क में धरना दिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा दने की मांग को लेकर जनता का समर्थन जुटाने के लिए एक अगस्त से एक व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नौ अगस्त को भारत छोड़ो दिवस से 20 अगस्त पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती तक दोनों पार्टी मुख्यालयों पर भूख हड़ताल शुरू करेगी।

हालांकि 15-16 अगस्त को इसमें छूट दी गयी है। उन्होंने कहा, "राज्य के संघर्ष का पहला चरण 'हमारी रियासत हमारा हक' जिसमें 'श्रीनगर चलो', 'जम्मू चलो' और अंत में 'दिल्ली चलो' शामिल है, हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व के पूर्ण समर्थन से बहुत सफल रहा और इसने देश लोगों का ध्यान राज्य के लिए हमारी वैध मांग की ओर आकर्षित किया।" कर्रा ने कहा कि पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए कानून लाने के वास्ते सरकार पर दबाव बनाने के लिए शीघ्र ही तीन दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह राज्य का दर्जा प्राप्त करने के मिशन पर सुंदरबनी, राजौरी और पुंछ के लोगों से बातचीत करने के लिए तीन दिनों के लिए राजौरी-पुंछ का दौरा करेंगे।

उन्होंने कहा, "पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर पुंछ में पाकिस्तानी गोलीबारी के शिकार कुछ बच्चों को गोद लिया है।" उन्होंने बताया कि वह पुंछ में उन परिवारों से मिलेंगे और बुद्ध अमरनाथ तीर्थयात्रा पर भी जाएंगे। उन्होंने कहा, "पुंछ का मेरा दौरा पाक गोलीबारी के पीड़ितों के परिवारों से मिलने और एक दर्जन बच्चों के कल्याण के लिए उन्हें गोद लेने के लिए आलाकमान के निर्देश पर है।"

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups