अगरतला: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान त्रिपुरा में खोवाई जिले के टकसापारा गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कम से कम सात कार्यकर्ता कथित तौर पर टीआईपीआरए मोथा के समर्थकों के हमले में घायल हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हमलावरों ने धारदार हथियारों, लाठियों और ईंटों से भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। हिंसा के दौरान बाइक और कार समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। सभी घायलों को खोवाई जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने न केवल भाजपा समर्थकों पर हमला किया, बल्कि मन की बात कार्यक्रम के दौरान उन्हें घर के अंदर बंद करने का भी प्रयास किया।
यह इलाका टीआईपीआरए मोथा का गढ़ माना जाता है, जहां से माणिक साहा के मंत्रिमंडल के वन मंत्री अनिमेष देबबर्मा प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आरोपों से इनकार किया और कहा कि यह घटना भाजपा मंडल अध्यक्ष और उनके पुराने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता का नतीजा है।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष जयंत देबबर्मा ने कहा कि बूथ संख्या 30 पर कार्यक्रम चल रहा था, तभी मोथा पार्टी से कथित रूप से जुड़े युवकों के एक समूह ने अचानक और बिना उकसावे के हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया, "करीब 15 मोटरसाइकिलें और पांच कारें भी क्षतिग्रस्त हो गयीं।"
टीआईपीआरए मोथा के संस्थापक प्रद्योत किशोर ने आरोपों का खंडन किया और दावा किया कि इस घटना में उनकी पार्टी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। उन्होंने कहा, “अब तक मुझे पता चला है कि यह एक पुराना राजनीतिक झगड़ा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कभी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता थे और ऐसा लगता है कि यह उनके और उनकी पूर्व पार्टी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद का नतीजा है।”
विपक्षी माकपा और कांग्रेस ने भी घटना की निंदा की है और कहा है कि पुलिस को सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए और पर्दे के पीछे के लोगों को बेनकाब करने के लिए कड़ी सजा सुनिश्चित करनी चाहिए।
संतोष अशोक
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jul 28 , 2025, 08:08 AM