पटना। बिहार में आज महागठबंधन के चक्काजाम को सत्ता पक्ष ने विफल बताया जबकि विपक्षी दलों ने इसे सफल बताया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर हमला करते हुये आज कहा कि श्री गांधी बिहार पॉलिटिकल पिकनिक मनाने आते हैं और उन्हें राज्य की समस्या से कोई मतलब नहीं है।
श्री चौधरी ने बुधवार को यहां कहा कि राज्य के चार करोड़ से अधिक मतदाताओं ने चुनाव आयोग का सत्यापन फार्म भर कर इस अभियान का समर्थन किया है, जबकि विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने मतदाता सत्यापन अभियान के विरुद्ध विपक्ष के बंद को विफल बताया और कहा कि इसे बिहार की जनता का समर्थन नहीं मिला।
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने चक्का जाम को चुनावी स्टंट बताते हुये कहा कि यह एक परिवारवादियों का जमघट है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बात-बात पर संविधान की दुहाई देते हैं और उसी संविधान को गौरव गरिमा को धूमिल करने में पीछे नहीं हटते हैं। चक्का जाम को विफल बताते हुये उन्होंने कहा कि श्री गांधी ऐसे कार्यक्रमों के जरिये राजनैतिक आनंद उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने चक्का जाम को विफल बताते हुये कहा कि कुल मतदाताओ का आधा हिस्सा अपने फॉर्म भर चुका है। 2003 की मतदान सूची में शामिल लोगों से कोई प्रमाण पत्र नही मांगा जा रहा है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार में चक्काजाम को विफल बताया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन विकास विरोधी अराजक दलों का अवसरवादी गठजोड़ है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन कहा कि गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण के विरोध में आयोजित विपक्ष का बंद पूरी तरह से बेअसर रहा है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष ने बौखलाहट में चक्काजाम का आह्वान किया है जिसे आम जनता का सहयोग नही मिला है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद के प्रतीक दो विफल युवा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने चक्का जाम को नौटंकी बताते हुये कहा कि आांदोलन के नाम पर विपक्ष फर्जीवाड़ा कर रहा है, जिसे जनता गौर से देख रही है।
इस बीच विपक्ष ने चक्काजाम को सफल बताया। आांदोलन का नेतृत्व कर रहे बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि मतदाता सूची से छेड़छाड़ के प्रयास को रोकने के लिए विपक्ष एकजुट हुआ है। इस सम्बंध में चुनाव आयोग का रवैया सकारात्मक नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर पिछड़ो को वोट के अधिकार से वंचित करना चाहती है।चक्का जाम को अभूतपूर्व बताते हुये प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्ण अल्लावरू तथा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि चुनाव आयोग के वोटबंदी और गुंडाराज ने आम जनता को त्रस्त कर दिया है इसलिये जनता ने भी जनता ने इस आंदोलन का स्वत: स्फूर्त समर्थन किया।
दूसरी तरफ भाकपा (माले) महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने चक्का जाम को ऐतिहासिक बताते हुये कहा इस आंदोलन की सफलता ने बता दिया है कि बिहार की जनता विशेष वोटर पुनरीक्षण के पक्ष में नही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग गरीबो और वंचितों को मताधिकार से वंचित करना चाहता है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने कहा कि बिहार के चक्काजाम को सफल बताते हुये कहा कि नीतीश सरकार को हटाने के बाद ही वंचितो को उनका उचित हक मिलेगा।राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केन्द्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि चुनाव आयोग अब निष्पक्ष नही रहा। बिहार की जनता लोकतंत्र पर हो रहे कुठाराघात का आगामी चुनाव में जवाब देगी
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jul 09 , 2025, 09:06 PM