नयी दिल्ली: भारत और मेडागास्कर (India and Madagascar) ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा (Maritime Security) के क्षेत्र में सहयोग का दायरा बढाने के उपायों पर महत्वपूर्ण चर्चा की है। रक्षा मंत्रालय (Defense Ministry) ने शनिवार को बताया कि मेडागास्कर की चार दिन की यात्रा पर गये रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राजधानी अन्टाननरीवो में एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल (high-level Indian delegation) का नेतृत्व किया। रक्षा राज्य मंत्री ने मेडागास्कर के स्वतंत्रता दिवस की 65वीं वर्षगांठ और मालागासी सशस्त्र बलों के स्थापना दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
सेठ ने मेडागास्कर के सशस्त्र बलों के मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल साहिवेलो लाला मोन्जा डेल्फिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इसमें दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को गति देने और विशेष रूप से समुद्री सुरक्षा तथा क्षमता निर्माण में सहयोग को बढाने के तौर-तरीकों पर चर्चा की गयी। उन्होंने मेडागास्कर के प्रधानमंत्री क्रिश्चियन एनत्से से भी मुलाकात की और मेडागास्कर की स्वतंत्रता की 65वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उनको हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
रक्षा राज्य मंत्री अन्टाननरीवो में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में शामिल हुए। उन्होंने मेडागास्कर में भारतीय समुदाय को देश के हाल के घटनाक्रमों और प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में चल रहे आर्थिक परिवर्तनकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।
हिंद महासागर क्षेत्र में निकट पड़ोसी और सहयोगी विकासशील देशों के रूप में भारत तथा मेडागास्कर के बीच दीर्घकालिक मैत्री एवं लोगों के बीच मित्रवत संपर्क हैं। मेडागास्कर की विकास यात्रा में भारत एक विश्वसनीय और प्रतिबद्ध भागीदार बना रहेगा। रक्षा राज्य मंत्री की इस यात्रा ने सागर (सभी क्षेत्रों में सुरक्षा एवं विकास के लिए पारस्परिक तथा समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण के अनुरूप मेडागास्कर के साथ अपनी साझेदारी को और सशक्त बनाने की भारत की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jun 28 , 2025, 02:50 PM