Bribe arrested: अधिकारी धीमान चकमा को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार!

Mon, Jun 09 , 2025, 06:45 PM

Source : Uni India

भुवनेश्वर। ओडिशा के सतर्कता अधिकारियों ने सोमवार को यहां 2021 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं कालाहांडी में धरमगढ़ के उप-कलेक्टर धीमन चकमा को एक स्थानीय व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रिश्वत (Bribe ) लेते हुये रंगे हाथों पकड़ा। सतर्कता अधिकारियों ने रविवार को तलाशी अभियान के दौरान उनके सरकारी आवास से 47 लाख रुपये भी बरामद किये। अधिकारी चकमा ने कथित तौर पर कुल 20 लाख रुपये की रिश्वत मांगी, जिसमें से 10 लाख रुपये किश्तों में स्वीकार किये और भुगतान न किये जाने पर व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई करने की धमकी दी।

 
कोई अन्य विकल्प न होने पर शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिकारियों से की। शिकायत पर कार्रवाई करते हुये आठ जून की रात को जाल बिछाया गया और धरमगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए ओडिशा सतर्कता (Odisha Vigilance) की एक टीम ने धीमान चकमा को रंगे हाथों पकड़ लिया। चकमा के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गयी और गवाहों की मौजूदगी में उसे जब्त कर लिया गया।

जाल के बाद धरमगढ़ में उनके सरकारी क्वार्टर और कार्यालय कक्ष में एक साथ तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान, उनके आवास से 47 लाख रुपये की नकदी बरामद की गयी। जब वह बड़ी रकम के बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके, तो उसे जब्त कर लिया गया। धीमान चकमा को सोमवार को गिरफ्तार कर कालाहांडी में सतर्कता न्यायालय में पेश किया गया। सतर्कता प्रकोष्ठ ने भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा सात के तहत मामला दर्ज किया है और जांच जारी है।
इससे पहले, धीमान चकमा 2019 बैच के भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारी के रूप में ओडिशा कैडर में शामिल हुए थे। अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद, उन्होंने जून 2021 से मयूरभंज के बारीपदा में सहायक वन संरक्षक (Assistant Conservator of Forests) के रूप में काम किया। वर्ष 2021 में सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद उन्हें प्रशासनिक अधिकारी के रूप में ओडिशा कैडर में नियुक्त किया गया। अपने प्रशिक्षण के बाद, उन्होंने जनवरी 2024 में धरमगढ़, कालाहांडी में उप-कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला और अपनी गिरफ्तारी तक इस पद पर कार्यरत रहे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups