सामाजिक न्याय नहीं, “अंबानी अडानी” वाला देश चाहते हैं मोदी - राहुल!

Tue, Jun 03 , 2025, 10:08 PM

Source : Uni India

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग देश का संविधान समाप्त करना चाहते हैं और इनके लोग लगभग सभी संस्थाओं में बैठ चुके हैं।

श्री गांधी यहां प्रदेश कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” की शुरूआत करने आए थे। उन्होंने यहां रवींद्र भवन के सभागार में जिला और ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्षों के अलावा पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

श्री गांधी ने कहा कि देश में आज विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस और संविधान है, तो दूसरी ओर भाजपा और आरएसएस है, जो संविधान को खत्म करना चाहते हैं। इन लोगों ने सभी संस्थाओं में अपने लोग बैठा दिए हैं। अब धीरे धीरे देश का गला घोंटा जा रहा है। इसलिए आज दो विचारधाराओं की लड़ाई है। कांग्रेस संविधान को बचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पहले कहते थे कि कोई जात नहीं। सिर्फ “चार जात” हैं। श्री नितिन गडकरी और श्री मोहन भगवत ने भी बयान दिए। लेकिन बाद में सब सरेंडर हो गए। इन लोगों ने महिला आरक्षण को लेकर भी यही किया था। अब जातिगत जनगणना को लेकर दबाव में आकर बोल गए हैं, लेकिन करना नहीं चाहते। ये “अंबानी अडानी” वाला देश चाहते हैं, सामाजिक न्याय नहीं चाहते हैं। अरबपतियों वाला देश चाहते हैं।

श्री गांधी ने कहा कि देश में दलित, आदिवासियों, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों की आबादी लगभग 90 प्रतिशत है, लेकिन इनको सरकार प्रशासन से लेकर कहीं पर भी भागीदारी नहीं मिली है। सब कुछ शेष पांच दस प्रतिशत लोगों को दिया जा रहा है। अमीर लोगों को सब कुछ है। श्री गांधी ने कहा कि “पूरा का पूरा” धन दो तीन लोगों के हाथों में जा रहा है। “अडानी” हर जगह मिलेगा। और कोई है ही नहीं। अडानी के खिलाफ अमरीका में केस लगा है। मगर अडानी हिंदुस्तान में जो करना चाहता है, कर सकता है, क्योंकि वो “नरेंद्र मोदी” का “दोस्त” है।

श्री गांधी ने कहा कि देश के सारे बिजनेस पांच छह लोगों को दे रखे हैं। अडानी चीन का माल हिंदुस्तान में बेचता है। “अडानी अंबानी” पैसे बनाते हैं और चीन अपना माल हिंदुस्तान में भेजता है। फोन, शर्ट, पेंट, सोलर पैनल, सब कुछ चीन बनाकर इनके माध्यम से भारत में बेच रहा है। इससे चीन के युवाओं को तो रोजगार मिल रहा है, लेकिन भारत में बेरोजगारी फैल रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि ये हिंदुस्तान की सच्चायी है और इसे छिपाया नहीं जा सकता है। देश में बिजनेस चलाना है तो “अडानी और अंबानी” होना जरूरी है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups