Weather Update : अरुणाचल, मिजोरम, सिक्किम में आपदा: 26 मरे, 1500 पर्यटक फंसे

Sun, Jun 01 , 2025, 01:16 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Weather Update :  पूर्वोत्तर भारत में समय से पहले पहुंचे मानसून ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा (Assam, Arunachal Pradesh, Meghalaya, Mizoram and Tripura) जैसे राज्यों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन (Rain, floods and landslides) ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दो दिनों में तीनों राज्यों में 26 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। असम में भूस्खलन और बाढ़ के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में हाईवे 13 पर भूस्खलन में एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। एक अन्य घटना में दो लोगों की जान चली गई। मिजोरम के सेरछिप में 13 घर ढह गए। एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, उत्तरी सिक्किम में करीब 1500 पर्यटक फंसे हुए हैं।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश ने मचाई तबाही सोलन और सिरमौर के लिए 2 जून को अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिसमें अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की चेतावनी दी है और पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन के कारण पूरे पूर्वोत्तर में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। असम: एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत असम की राजधानी गुवाहाटी में भूस्खलन के कारण कई घर ढह गए। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों की मिट्टी ढीली हो गई और उनका एक बड़ा हिस्सा घरों पर गिर गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में नए सिरे से अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा असम के गोलाघाट जिले में बाढ़ में दो लोग डूब गए और लखीमपुर में एक व्यक्ति डूब गया।

अरुणाचल प्रदेश: वाहन बह जाने से 7 लोगों की मौत
अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ ने भयंकर तबाही मचाई है। एक वाहन के बह जाने से सात लोगों की मौत हो गई। एक अन्य घटना में दो लोग डूब गए। राज्य में मरने वालों की कुल संख्या 9 हो गई है।

मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय: 24 घंटे में 8 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में 8 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण हुई हैं। यहां रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है।

मणिपुर: इंफाल में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त
मणिपुर की राजधानी इंफाल में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर स्थिति है। प्रशासन ने इंफाल नदी के किनारे रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। इसके साथ ही बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने दी चेतावनी, जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पूरे पूर्वोत्तर में भारी बारिश जारी रहेगी। विभाग ने असम के कई हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि शेष पूर्वोत्तर राज्यों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

असम में 17 जिले प्रभावित
असम के 17 जिले बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। आपदा से 78 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। 1200 से ज्यादा लोगों को 5 अलग-अलग राहत शिविरों में भेजा गया है। लखीमपुर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 41600 से ज्यादा लोग संकट में हैं। डिब्रूगढ़ में ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर अभी भी ऊंचा है। निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ प्रभावित असम में राहत और बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), पुलिस और अग्निशमन सेवाएं लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। असम के दो जिलों में शनिवार को बारिश के कारण शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए। वहीं, शुक्रवार को तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण गुवाहाटी एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन बाधित रहा। अरुणाचल प्रदेश में भी प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मुहैया कराई जा रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups