Tiranga Yatra: देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर भारतीय अपना सर्वस्व बलिदान कर सकते हैं-यादव!

Fri, May 16 , 2025, 09:34 PM

Source : Uni India

उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) ने आज कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर भारतीय अपना सर्वस्व बलिदान कर सकते है। डॉ यादव आज ऑपरेशन ‘‘सिंदूर’’ (Operation Sindoor) की सफलता पर उज्जैन और इंदौर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में भारत की सेना ने पाकिस्तान में दाखिल होकर दुश्मनों को नेस्तानाबूत किया। भारतीय सेना के शौय, पराक्रम और अदम्य साहस पर संपूण देश को गर्व है। अपने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हर भारतीय अपना सर्वस्व बलिदान कर सकते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया के सामने हमारी सेनाओं ने साहस और शौर्य के प्रमाण दिए हैं।

 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व रणनीति ने दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर किया। भारतवासियों ने एकजुट होकर विश्व को यह संदेश दिया कि दुश्मन कितना ही चालाक क्यों न हो हम अपनी एकता को अक्षुण रखेंगे। राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि है, इसे यदि शत्रु हानि पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि दो हजार वर्ष पहले सम्राट विक्रमादित्य ने अपने पराक्रम से विदेशी आक्रमणकारियों को पराजित कर देश से खदेड़ दिया था। आज फिर से हमारी सेना ने वही शौर्य और पराक्रम दिखाते हुए दुश्मन देश को धूल चटाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवार जनों को प्रणाम। तिरंगा हमारे देश कि आन-बान और शान है, इसकी मर्यादा का सदैव पूरा भारत ध्यान रखता है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं के माध्यम से पूरी दुनिया में संदेश जा रहा है कि हम सभी भारतीय एक जुट हो कर समय आने पर देश कि रक्षा के लिए सर्वस्व बलिदान कर सकते हैं। तिरंगा यात्रा देश की सेनाओं की सफलता, सम्मान और उनके पराक्रम को सम्मान देने के लिए देश की जनता निकाल रही है।

डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि 1857 से लेकर 1947 तक देश ने आजादी के लिए संघर्ष किया। हजारों की संख्या में वीर सपूत बलिदान हुए। 1857 के पहले भी देश कई युद्ध लड़े और अपने शौर्य और पराक्रम से जीते हैं। लेकिन सैकड़ों सालों के इतिहास में ऑपरेशन सिंदूर में सबसे कम समय में भारत ने दुश्मन को हराकर घुटने टेकने पर मजबूत किया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सेनाओं के शौर्य, पराक्रम का प्रतीक है। पूरा देश सेना के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है। श्री मोदी की रणनीति ही है कि चार दिन में ही आतंकवाद और उसके आकाओं को भारत ने सबक सिखा दिया। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दुनिया ने हमारी सेनाओं का पराक्रम देखा है। इस तरह का पराक्रम वाली सेना के रहते हुए कोई भी देश भारत की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता। तिरंगा यात्रा देश की एकता व संकल्प शक्ति का प्रतीक है। देश की एकजुटता हमारे गौरवशाली अतीत की याद दिलाती है। मध्यप्रदेश सहित संपूर्ण देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सेनाओं के साथ खड़ा है। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति ने चार दिन पहले कही हुई अपनी बात में सुधार किया है। यह हमारी सैन्य शक्ति, रणनीति और वैश्विक स्तर पर देश की बढ़ती साख को दर्शाता है।

उज्जैन में आयोजित तिरंगा यात्रा में पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद उमेशनाथ महाराज, अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा, सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव सहित सभी समाज के धर्मगुरू, सामाजिक व व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

इंदौर की तिरंगा यात्रा में प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, इंदौर जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि सहित सभी समाज के धर्मगुरू, सामाजिक व व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups