कोल्हापुर /सिंधुदुर्ग। महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग जिले के मालवन तहसील के राजकोट में छत्रपति शिवाजी महाराज (Chhatrapati Shivaji Maharaj) की 83 फीट ऊंची प्रतिमा का स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रतिमा निर्माण के कार्यकारी इंजीनियर महेंद्र केनी (Mahendra Kenny) ने कहा कि सरकार ने नई प्रतिमा स्थापित करते समय विशेष सावधानी बरती है। ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी ने मालवन बीच पर 200 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा के सामने प्रतिमा का परीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। नयी प्रतिमा का कार्य प्रसिद्ध चित्रकार राम सुतार की कंपनी को दिया गया था जिन्होंने विशेष सावधानी बरती है। प्रतिमा स्थापित करने का कार्य शुरू करने से पहले सुतार ने उस स्थान की भौगोलिक स्थितियों का अध्ययन किया। चूंकि मालवन तट पर हवा की गति तेज होती है इसलिए उन्होंने पहले शिवाजी की एक बहुत छोटी प्रतिमा बनाई और उसे ऑस्ट्रेलिया भेजा।
केनी ने ‘यूनीवार्ता’को बताया कि ऑस्ट्रेलिया की कंपनी ने परीक्षण किया है कि प्रतिमा हवा की गति पर किस तरह प्रतिक्रिया करेगी। राजकोट किले में स्थापित की जा रही यह प्रतिमा 83 फुट ऊंची है और इसका वजन 40 टन है। इसका मंच दस फुट ऊंचा (कुल 93 फुट) है। यह प्रतिमा कांसे से बनी है। इसमें 88 प्रतिशत तांबा और आठ प्रतिशत लोहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज के हाथ में तलवार का वजन 2,300 किलोग्राम है।
सावंतवाड़ी निर्माण विभाग छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के काम की निगरानी कर रहा है जबकि प्रसिद्ध चित्रकार राम सुतार भी समय-समय पर काम की समीक्षा करने के लिए राजकोट किले का दौरा कर रहे हैं। राजकोट किले में नवनिर्मित प्रतिमा का उद्घाटन एक मई को महाराष्ट्र दिवस पर करने की तैयारी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और कई कैबिनेट मंत्रियों के मौजूद रहने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि चार दिसंबर 2023 को नौसेना दिवस के अवसर पर किले का पुनर्निर्माण किया गया और मालवन राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। यह प्रतिमा 26 अगस्त 2024 को अचानक ढह गई थी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Apr 25 , 2025, 04:34 PM