मुंबई: पर्यावरण की रक्षा करने की भावना हमारे चारों ओर के वातावरण को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पृथ्वी की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर पहल करनी चाहिए, ऐसा आह्वान महाराष्ट्र की पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने किया। पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (MPCB), बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और पर्यावरण क्षेत्र की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 22 अप्रैल, 2025 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मुंबई के पवई झील पर सफाई और संरक्षण अभियान का उद्घाटन समारोह गणेश घाट, पवई में आयोजित किया गया। इस अवसर पर MPCB अध्यक्ष सिद्धेश कदम, विधायक दिलीप लांडे, विभाग की सचिव जयश्री भोज, MPCB के सदस्य सचिव डॉ. अविनाश ढाकणे, BMC उपायुक्त संतोष दौड समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कर्तव्य और अधिकार दोनों जरूरी — पंकजा मुंडे
इस अवसर पर मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा में अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी निभाना आवश्यक है। प्रकृति ने मनुष्य को सब कुछ भरपूर दिया है, लेकिन मनुष्य ने अपने अत्यधिक लालच से प्रकृति को नुकसान पहुँचाया है। सरकार के साथ-साथ जनता की भागीदारी भी जरूरी है। हमें समय रहते जागरूक होकर पर्यावरण की रक्षा के लिए अपना कर्तव्य निभाना चाहिए। अगर हम सभी मिलकर काम करें, तो महाराष्ट्र निश्चित ही प्रदूषणमुक्त बनेगा। उन्होंने कहा, “जैसे नवरात्रि में देवी की पूजा होती है, वैसे ही हमें इस सृष्टि और वसुंधरा की पूजा करनी चाहिए। पृथ्वी को बचाने के लिए हम सबको एक साथ काम करना होगा।”
प्रकृति संरक्षण के लिए जनआधारित आंदोलन की पहल
मंत्री मुंडे ने बताया कि 'जलयुक्त शिवार योजना' और 'लेक माझी भाग्यश्री' जैसी योजनाओं को जनता का भरपूर समर्थन मिला था। जलयुक्त शिवार योजना ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट पर नियंत्रण पाने में सफलता दिलाई थी। इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए, अब पर्यावरण विभाग भी प्रकृति संरक्षण के लिए एक जनआधारित आंदोलन शुरू करेगा। पवई झील की सफाई इस आंदोलन की शुरुआत है, और नागरिकों की बढ़ती भागीदारी इस मुहिम को मजबूती देगी, ऐसा विश्वास मंत्री मुंडे ने व्यक्त किया।
‘पर्यावरण बचाओ, वसुंधरा सजाओ’ अभियान का शुभारंभ
आज से 22 अप्रैल से 1 मई तक, नौ दिन चलने वाले राज्यव्यापी 'पर्यावरण बचाओ, वसुंधरा सजाओ' अभियान की शुरुआत भी की गई। इस अवसर पर पवई झील की सफाई मुहिम चलाई गई और मंत्री पंकजा मुंडे ने महाराष्ट्र के राज्य पुष्प 'ताम्हण' का पौधा लगाया। इस अभियान की परिकल्पना मंत्री पंकजा मुंडे ने की है और यह राज्यभर में ग्राम पंचायतों से लेकर नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और महानगरपालिकाओं में चलाया जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य है
हर नागरिक को पृथ्वी के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी का स्मरण कराना। राज्य के नागरिकों को पर्यावरण रक्षण की मुहिम में सहभागी बनाना। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई है कि वे पंचमहाभूतों—भूमि, जल, वायु, अग्नि, आकाश—में से किसी एक तत्व के संरक्षण के लिए जागरूक नागरिक के रूप में संकल्प लें और कार्य करें।
स्थानीय स्वराज संस्थाओं से आग्रह किया गया है कि वे: प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई करें, "Reduce, Reuse, Recycle" पर आधारित स्कूल-कॉलेजों में नवाचार स्पर्धाएं आयोजित करें, पर्यावरण बचाओ, वसुंधरा सजाओ" जैसे नारे प्रतियोगिताएं आयोजित करें। इन स्पर्धाओं के विजेताओं को महाराष्ट्र दिवस (1 मई) को जिल्हा पालक मंत्रियों के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
MPCB अध्यक्ष सिद्धेश कदम ने बताया कि मंडल युवाओं से संवाद स्थापित कर उनके माध्यम से प्रकृति संरक्षण अभियान में भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। विधायक दिलीप लांडे ने कहा कि पवई झील की सफाई अभियान की शुरुआत सराहनीय है और यह यहां के नागरिकों की जरूरत है। डॉ. अविनाश ढाकणे, MPCB सदस्य सचिव ने कहा कि यह कार्यक्रम पर्यावरण प्रेमी सामाजिक संस्थाओं के आग्रह पर आयोजित किया गया है और इन संगठनों के प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण को बल मिल रहा है। इस कार्यक्रम में वनशक्ती, निसर्ग संस्थान, हेल्पिंग हैंड्स, पर्यावरण दक्षता मंच, बुरहानी फाउंडेशन, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भारी संख्या में भाग लिया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Apr 23 , 2025, 12:15 PM