खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के खलटाका पुलिस चौकी क्षेत्र में चोरी की नीयत से घुसे एक व्यक्ति की पिटाई किए जाने पर उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आज इस मामले में एक व्यक्ति और उसके पड़ोसी को हिरासत में ले लिया है। खरगोन के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि खलटाका के इंडस्ट्रियल क्षेत्र के पीछे बसे सिंगाचोकी गांव में दलित युवक लखन के घर अज्ञात व्यक्ति ने चोरी के उद्देश्य से प्रवेश किया। लखन का नाबालिग पुत्र उस दौरान घर में था।
जैसे ही लखन वापस लौटा वह युवक भागने लगा। लखन ने भाग रहे युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटायी कर दी। इसी दौरान पड़ोसी विनोद रंधावा ने भी इस युवक की पिटायी की। दोनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसे रात भर घर में रखा और सुबह छोड़ दिया। आज पुलिस को सूचना मिलने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसने अपना नाम और पता बताया। उसकी शिनाख्त बड़वानी जिले के पाटी क्षेत्र के उबादगढ़ निवासी 38 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वहां से समीपस्थ बड़वानी जिले के ठीकरी स्थित अस्पताल ले जाए जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजनों को सूचित करने पर वह नहीं आए। बाद में समझाइश देने पर वह ठीकरी पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम किया गया। उन्होंने बताया कि मृतक कैलाश के विरुद्ध विभिन्न मामलों में तीन अपराध दर्ज हैं। इस मामले में हिरासत में लिये गये लखन और उसके पड़ोसी विनोद रंधावा ने पुलिस को बताया कि चोरी की नीयत से घुसे आरोपी को उन्होंने हत्या करने के उद्देश्य से नहीं पीटा था। इस घटना में शामिल एक अन्य युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Apr 21 , 2025, 08:06 AM