जयपुर: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी (Shri Vasudev Devnani) ने अजमेर के जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय परिसर में नवीन मेडिसिन ब्लॉक का शुक्रवार को यहां शुभारंभ किया। अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा स्वीकृत परियोजना राशि रूपए 37.8 करोड़ की लागत से निर्मित मेडिसिन ब्लॉक का लोकार्पण किया गया। नवीन मेडिसिन ब्लॉक के जी प्लस 6 मंजिला भवन में 258 सामान्य बैड तथा 40 सुपर स्पेशियलिटी आईसीयू बैड क्षमता होगी। आईसीयू में 40 सुपर स्पेशियलिटी बैड हैं। ओपीडी में 20 चिकित्सकों की ओपीडी, डीडीसी दवाई वितरण केन्द्र, सोनोग्राफी कक्ष, एआरटी सेन्टर, ईसीजी रूम, फैकल्टी रूम, सेमिनार रूम, बोर्ड मिटिंग रूम, लाईब्रेरी, लिफ्ट, बेसमेंट पार्किंग, फायर फाईटिंग सिस्टम, सोलर वाटर हीटर के अतिरिक्त समस्त बैड एवं उपकरण को सेन्टर ऑक्सीजन सप्लाई से जोड़ा गया हैं।
इस अवसर पर देवनानी ने कहा कि जेएलएन चिकित्सालय संपूर्ण संभाग के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराता है। इसका लाभ अजमेर एवं नागौर के निवासियों को अधिक मिलता है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने चिकित्सालय के विकास के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान किया है। अब तक 2000 करोड़ से अधिक का बजट मिला है। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए प्रथम चरण में 65 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। बारिश के दौरान पानी के भरने की समस्या के समाधान के लिए भी 50 करोड़ रुपए के कार्य करवाए जाएंगे। चिकित्सा महाविद्यालय का नवीन परिसर का कार्य निर्माणाधीन है। इसका कार्य जल्द ही पूर्ण होने से सुविधाओं में काफी विस्तार होगा। महिला चिकित्सालय में पीजी हॉस्टल तथा जेएलएन चिकित्सालय में सर्जिकल ब्लॉक मय ट्रॉमा सेंटर का कार्य भी चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार में लाभप्रद होगा। मरीजों एवं परिजनों के लिए एक रुपए में स्वाभिमान भोजन उपलब्ध कराना अपने आप में एक बड़ा कदम है।
देवनानी ने कहा कि चिकित्सालय में बढ़े हुए पलंगों की संख्या के अनुपात में फैकल्टी में भी बढ़ोतरी होगी। हृदय रोग विभाग के लिए फैकल्टी की तत्काल आवश्यकता जताई। पूर्व हृदय रोग चिकित्सक डॉ. महला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. महला के कार्य के प्रति समर्पण से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में आने वाले मरीज का संपूर्ण उपचार सुनिश्चित होना चाहिए। गर्मी के कारण मौसमी बीमारियों में बढ़ोतरी होती है। इस कारण मरीजों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना रहती है। इसके लिए स्थानीय डिस्पेंसरी में पर्याप्त स्टाफ होना चाहिए। कोई भी व्यक्ति चिकित्सा सुविधा से वंचित नहीं रहे ऐसा प्रयास सभी मिलकर करें। श्रेष्ठ अजमेर स्वस्थ अजमेर बनाने के कार्य में सबका सहयोग अपेक्षित है। परिजनों को दी जाने वाली सुविधाओं में भी भविष्य में वृद्धि की जाएगी।
इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्राी गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि हृदय रोग विभाग के लिए योग्य फैकल्टी जल्द ही लगाई जाएगी। नया मेडिसिन ब्लॉक चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्रा में बड़ी सौगात होगी। जनसंख्या और बीमारियों में समय के साथ वृद्धि हो रही है। जीवन शैली में बदलाव के कारण चिकित्सा सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है। नए मेडिसिन ब्लॉक में पार्किंग की सुविधा मिलेगी। केंद्रीय नर्सिंग स्टेशन होने से नर्सिंग कर्मियों का मूवमेंट सही रहेगा। मरीज को पलंग पर ही ऑक्सीजन की सुविधा मिलने से उपचार में आसानी रहेगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Apr 19 , 2025, 09:40 AM