चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा (Harpal Singh Cheema) ने गुरुवार को कहा कि रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए पंजाब में मजबूत औद्योगिक विकास की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन (Protest) के कारण शंभू और खनौरी जैसी प्रमुख सीमाओं पर लंबे समय तक सड़क बंद रहने के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
चीमा ने कहा कि राजमार्ग व्यापार और उद्योग के लिए पंजाब की जीवन रेखाएं हैं, जो राज्य को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता हैं। एक साल से अधिक समय तक बंद रहने से पंजाब की अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है और औद्योगिक विकास बाधित हुआ है। उन्होंने किसानों और प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे पंजाब के बुनियादी ढांचे को बाधित करने के बजाय केंद्र सरकार के खिलाफ अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा, “ आम आदमी पार्टी किसानों का समर्थन करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और लगातार उनके साथ खड़ी रही है। हाल के विधानसभा सत्र के दौरान हमने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों का विरोध करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था। इसलिए हम अपने किसान (farmer) भाइयों से अनुरोध करते हैं कि वे राजमार्गों को अवरुद्ध न करें, क्योंकि यह पंजाब के व्यापार
और उद्योग को नुकसान पहुंचाता है। ” मंत्री महोदय ने कहा कि उनकी सरकार उद्योगों को लाकर, नौकरियां पैदा करने और पंजाब की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। चीमा ने किसानों की चिंताओं को दूर करने और फसलों पर कीड़ों के हमले जैसे संकटों का प्रबंधन करने में विफलता के लिए कांग्रेस और अकाली दल-भाजपा गठबंधन की पिछली सरकारों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “ आम आदमी पार्टी सरकार कृषि समस्या का समाधान खोजने के लिए काम कर रही है। हम पंजाब की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और अपने युवाओं को बेहतर भविष्य प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।”
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Mar 20 , 2025, 10:47 PM