Kejriwal-Lok Milni: आप सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म करने, विकास को गति देने पर काम किया: केजरीवाल

Mon, Mar 17 , 2025, 07:24 PM

Source : Uni India

लुधियाना। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) और आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सोमवार को लुधियाना पश्चिम में जवाहर नगर कैंप और हैबोवाल में आयोजित 'लोक मिलनी' कार्यक्रम में शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप सरकार की उपलब्धियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा, “ दशकों तक, पंजाब के संसाधनों को भ्रष्ट शासन द्वारा लूटा गया। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के नेता खुद को समृद्ध बनाने में व्यस्त थे जबकि लोग परेशान थे। आज आप की सरकार में भ्रष्टाचार को खत्म किया जा रहा है और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। ”
श्री केजरीवाल ने राज्य में लोगों को मुफ्त बिजली, बेहतर स्वास्थ्य सेवा और शैक्षिक सुधार के बारे में बताया। लुधियाना पश्चिम के मुद्दों के बारे में उन्होंने कहा, “ संजीव अरोड़ा ने पहले ही टूटी सड़कों की मरम्मत पर काम शुरू कर दिया है। 

उन्होंने मतदाताओं से विधानसभा उपचुनाव में संजीव अरोड़ा को चुनने का आग्रह करते हुए कहा, “ यदि आप विकास चाहते हैं, तो आम आदमी पार्टी को चुनें। यदि आप व्यवधान और दुर्व्यवहार चाहते हैं तो कांग्रेस या अकाली दल को चुनें, लेकिन मुझे विश्वास है कि लुधियाना पश्चिम के लोग प्रगति चाहते हैं और आप को ही वोट देंगे। ”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 75 वर्षों में किसी भी मुख्यमंत्री या मंत्री ने स्थानीय मुद्दों को संबोधित करने के लिए जनता से सीधे बातचीत नहीं की। इसके विपरीत श्री मान ने सार्वजनिक बैठकें आयोजित करके, लोगों को सीधे माइक्रोफोन सौंपकर और उनकी चिंताओं को सुनकर एक नयी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि हमने एक स्वच्छ और जन-केंद्रित सरकार बनाई है, जो आम लोगों की बातें सुनती है।

इस दौरान श्री मान ने कार्यक्रम के दौरान उठाये गये कई मुद्दों को संबोधित किया, जिनमें कानून व्यवस्था, जल आपूर्ति, खेल के मैदान और सीवरेज से जुड़े मामले शामिल थे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। नशीली दवाओं के खिलाफ सरकार के संकल्प की चर्चा करते हुये री मान ने कहा, “ पंजाब में नशीली दवाओं के खिलाफ आज एक ऐसा युद्ध देखा जा रहा है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। पहली बार बुलडोजर से ड्रग तस्करों के घर तोड़े जा रहे हैं। बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां पाकिस्तान को सदमे में डाल रही हैं, क्योंकि उनको अब पंजाब में खरीदार नहीं मिल रहे हैं।' उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी मादक पदार्थ तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने पिछले 75 वर्षों में भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के माध्यम से पंजाब को बर्बाद करने के लिए कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों की आलोचना की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तीन साल के शासन में आम आदमी पार्टी किसी भी भ्रष्टाचार या गलत काम में शामिल नहीं रही है। मान ने कहा कि राज्य सरकार लंबे समय से उपेक्षित नागरिक मुद्दों, जैसे सीवरेज समस्यायें, जो 15 से 20 वर्षों से अनसुलझे थे, का भी समाधान कर रही है। इन विरासती मुद्दों का अब आम आदमी पार्टी के शासन में व्यवस्थित रूप से निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह किया और पंजाब में नशीली दवाओं की तस्करी के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल करने में सरकार के कार्यों की सफलता पर प्रकाश डाला। मान ने बताया कि स्थानीय जनता ने नशीली दवाओं के तस्करों के साथ सहयोग करना बंद कर दिया है जो एक महत्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन का संकेत है।

सभा के दौरान श्री मान और श्री केजरीवाल ने दिवंगत विधायक गुरप्रीत गोगी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके असामयिक निधन को दुखद बताया। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने लोगों को लुधियाना पश्चिम में चल रही विकास परियोजनाओं की व्यापक जानकारी दी और कहा कि हैबोवाल और जवाहर नगर कैंप की सभी टूटी सड़कों की मरम्मत के लिए बजट तैयार कर लिया गया है। बिजली आपूर्ति में सुधार और बिजली कटौती को खत्म करने के लिए लुधियाना में 237 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। श्री अरोड़ा ने कहा कि आज के फीडबैक के आधार पर निर्वाचन क्षेत्र के हाई स्कूलों की तत्काल मरम्मत की जाएगी। उन्होंने अपनी सांसद निधि से हैबोवाल में एक स्कूल के लिए मौके पर ही 10 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित रजिस्ट्री और संपत्ति दस्तावेजीकरण समस्याओं को भी हल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अधिकारियों को इसके समाधान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।


एक अन्य कार्यक्रम में श्री मान और श्री केजरीवाल ने नशीले पदार्थों के खतरे से निपटने में आप सरकार के प्रयासों पर जोर दिया। श्री केजरीवाल ने कहा, “ पिछली सरकारों ने ड्रग्स के माध्यम से हमारे युवाओं को बर्बाद करने किया और उनके मंत्रियों ने उसके व्यापार से काफी लाभ कमाया। वहीं आप के शासन में हमने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चौतरफा युद्ध छेड़ रखा है। नशे से जुड़े किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। ” मान ने जनता से इस मिशन में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा, “ पंजाब के तीन करोड़ लोग मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी ड्रग तस्कर यहां बच न सके। हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक हर तस्कर का सफाया नहीं हो जाता।”

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups