पटना। बिहार जनता दल यूनाटेड (JDU) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बजट पर नसीहत देने के बजाये वह अपने माता-पिता के 15 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब दें।
श्री कुशवाहा ने रविवार को कहा कि वर्ष 2005 में बिहार का बजट महज 23 हजार करोड़ रुपये का था, लेकिन आज वही बजट का आकार करीब तीन लाख करोड़ रुपये का हो चुका है। उन्होंने कहा कि बजट पर नसीहत देने के बजाए श्री तेजस्वी को अपने माता-पिता के 15 वर्षों के कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (Rashtriya Janata Dal) ने सत्ता में रहते हुए केवल सरकारी खजाने पर डाका डाला।बिहार को आर्थिक रूप से पीछे धकेलने और कमजोर करने में राजद की सबसे बड़ी भूमिका रही है।
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में बिहार सरकार बेटियों के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए विभिन्न चरणों में 94 हजार रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि देती है। साथ ही उद्योग स्थापित करने के लिये महिलाओं को 10 लाख लोन मिलता है, जिसमें पांच लाख माफ और बाकी पांच लाख रुपये पर कोई ब्याज नहीं है लेकिन तेजस्वी महज 2,500 रुपये का झूठा झांसा देकर महिलाओं को बरगलाने में लगे हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2005 तक बिहार में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या महज 17 लाख थी। जो कि आज बढ़कर दो करोड़ सात लाख से अधिक हो गई है। प्रति व्यक्ति बिजली की खपत भी 70 यूनिट से बढ़कर अब 360 यूनिट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में यह रिकार्ड वृद्धि हमारे नेता श्री कुमार की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। वहीं, 15 वर्षों के शासनकाल में राजद ने कभी गरीबों के घर तक बिजली पहुंचाने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया।
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि श्री कुमार के नेतृत्व में हमारा बिहार विकास की नई और ऊंची उड़ान भर रहा है। सात निश्चय भाग 1 और 2 के माध्यम से श्री कुमार ने बिहार की सूरत बदली है। सड़क, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। 19 वर्षों के शासनकाल में हमारे नेता ने हर-घर तक पीने का शुद्ध पानी पहुंचाया, हरेक गांव में नली-गली और हरेक घर में शौचालय का निर्माण कराया है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 02 , 2025, 08:03 PM