कैनबरा/नयी दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया (India and Australia) ने मंगलवार को कैनबरा में आयोजित छठी समुद्री सुरक्षा (6th Maritime Security Dialogue) वार्ता में समावेशी विकास एवं वैश्विक कल्याण के लिए अनुकूल सुरक्षित समुद्री वातावरण को बनाये रखने के तरीकों पर चर्चा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय (Ministry of Foreign Affairs) में निरस्त्रीकरण और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की संयुक्त सचिव मुआनपुई सैयावी (Muanpui Sayavi) ने किया, जबकि ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मामलों एवं व्यापार विभाग में दक्षिण-मध्य एशिया प्रभाग की प्रथम सहायक सचिव (Assistant Secretary) सारा स्टोरी तथा रक्षा विभाग में अंतर्राष्ट्रीय नीति के प्रथम सहायक सचिव बर्नार्ड फिलिप ने किया।
एक बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने आपसी हित के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसमें भारत-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा वातावरण, समुद्री डोमेन जागरुकता, मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) समन्वय, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय जुड़ाव और समुद्री संसाधनों का सतत उपयोग शामिल है। इसमें खोज और बचाव (एसएआर), प्रदूषण प्रतिक्रिया, नीली अर्थव्यवस्था और बंदरगाह राज्य नियंत्रण में सहयोग शामिल था। उन्होंने इन क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों और साधनों पर चर्चा की।
बयान में आगे कहा गया कि दोनों पक्षों ने इंडो-पैसिफिक ओशन इनिशिएटिव (आईपीओआई) के समुद्री पारिस्थितिकी स्तंभ में सहयोग के लिए आगे के रास्ते पर भी चर्चा की। उन्होंने वार्ता का अगला दौर नयी दिल्ली में पारस्परिक रूप से सुविधाजनक तिथि पर आयोजित किये जाने पर सहमति जतायी।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Aug 13 , 2024, 03:54 AM