स्टालिन ने मछुआरों की श्रीलंकाई नौसेना से रिहाई के लिए विदेश मंत्री से किया आग्रह

Mon, Jun 24, 2024, 04:25

Source : Uni India

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन (MK Stalin)ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर (External Affairs Minister Dr. S. Jaishankar) से श्रीलंकाई नौसेना (Sri Lankan Navy) द्वारा गिरफ्तार किए गए राज्य के 37 मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए कूटनीतिक कदम (diplomatic steps) उठाने का सोमवार को आग्रह किया। डॉ. जयशंकर को लिखे पत्र में श्री स्टालिन ने उनसे तमिलनाडु के 37 गिरफ्तार मछुआरों (arrested fishermen) और जब्त की गई नौकाओं की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने और इस मुद्दे का स्थायी समाधान खोजने के लिए श्रीलंका सरकार पर दबाव डालने का आग्रह किया। पिछले तीन दिनों में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की ओर से विदेश मंत्री को लिखा यह दूसरा पत्र है।

उन्होंने कहा, “ जैसा कि मैंने अपने पिछले पत्र में बताया था, गिरफ्तारी और धमकी की घटनाएं लगातार जारी हैं, जिसके कारण मछुआरों की आजीविका का नुकसान हो रहा है। गत 22 जून को एक बार फिर रामेश्वरम के मछली पकड़ने वाले बंदरगाह से 22 मछुआरों को उनकी तीन मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नौकाओं के साथ पकड़ा गया है। उन्होंने कहा “ मैं यह भी बताना चाहूंगा कि श्रीलंका से रिहा की गई नौकाओं को वापस लाने के लिए बचाव नौकाओं और चालक दल को अभी अनुमति नहीं दी गई है।”

 स्टालिन ने कहा कि इसी तरह, श्रीलंका में जेलों में बंद मछुआरों से मिलने, उन्हें कुछ सांत्वना और कुछ बुनियादी जरूरतें प्रदान करने के लिए तमिलनाडु के विभिन्न मछुआरा संघों के अनुरोधों पर सक्रिय रूप से विचार किया जाना चाहिए। यह जरूरी है कि इस उलझे हुए मुद्दे को हल करने के लिए तत्काल कूटनीतिक पहल की जाए।

इस मुद्दे को हल करने के लिए गठित संयुक्त कार्य समूह को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता को दोहराते हुए, मुख्यमंत्री ने डॉ. जयशंकर से इस मुद्दे को श्रीलंकाई अधिकारियों के समक्ष उठाने और इस मुद्दे के स्थायी समाधान की दिशा में काम करने का आग्रह किया।

Latest Updates

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups