B J P : भाजपा ने पांच सांसदों का काटा टिकट,  छह नए चेहरों को उतारा गया मैदान में

Wed, Mar 13 , 2024, 08:28 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

मुंबई की दो सीटों पर बदले प्रत्याशी
मंत्री सुधीर मुनगंटीवार चंद्रपुर से मैदान में
मुंबई।
लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) के लिए बुधवार को भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची घोषित की। इसमें महाराष्ट्र की 20 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने 13 सीटों पर प्रत्याशियों को रिपीट किया है, जबकि पांच सीटों पर प्रत्याशियों को बदल दिया गया है। लोकसभा चुनाव में छह नए चेहरों को मौका दिया गया है। महायुति सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार (Sudhir Mungantiwar) को विदर्भ के चंद्रपुर सीट से उम्मीदवारी दी गई है। मुंबई की दो लोकसभा सीटों पर प्रत्याशी बदले गए हैं। घोषित 20 उम्मीदवारों की सूची में पांच महिलाएं शामिल हैं।
उम्मीद के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) को नागपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। बीड सीट पर बहनों की अदला-बदली हुई है। इस सीट पर दो बार से सांसद रही प्रीतम मुंडे की जगह उनकी बहन पंकजा मुंडे को प्रत्याशी बनाया गया है। मुंबई की दो सीटों पर भाजपा ने प्रत्याशी बदल दिए हैं। उत्तर मुंबई लोकसभा सीट पर गोपाल शेट्टी की जगह पीयूष गोयल को उम्मीदवारी दी गई है, जबकि मुंबई उत्तर पूर्व से मनोज कोटक की जगह मिहीर कोटेचा को प्रत्याशी बनाया गया है। जलगांव सीट पर उन्मेश पाटिल की जगह स्मिता वाघ, अकोला में संजय धोत्रे की जगह उनके बेटे अनूप धोत्रे को प्रत्याशी बनाया गया है।
छह नए चेहरों को मौका
भाजपा की सूची में छह नए लोगों को प्रत्याशी बनाया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। मुलुंड के विधायक और प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष मिहीर कोटेचा पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए उन्हें मुंबई उत्तर पूर्व से प्रत्याशी बनाया है। मुलुंड के लंबे समय से विधायक रहे सरदार तारा सिंह का टिकट काटकर कोटेचा को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया गया था। महायुति सरकार में वन और सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को चंद्रपुर से टिकट दिया गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ एकमात्र चंद्रपुर सीट लगी थी, यहां से सुरेश धानोरकर चुनाव जीते थे, उन्होंने भाजपा के हंसराज अहिर को हराया था। जलगांव सीट पर उन्मेश पाटिल की जगह स्मिता वाघ को प्रत्याशी बनाया गया है। स्मिता वाघ भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके बाद 2017 में उन्हें विधान परिषद भेजा गया। अकोला सीट पर संजय धोत्रे की जगह उनके बेटे अनूप धोत्रे को टिकट दिया गया है। वहीं बीड सीट पर प्रीतम मुंडे की जगह उनकी बहन पंकजा मुंडे को टिकट दिया गया है। पुणे सीट से मुरलीधर मोहोल को प्रत्याशी बनाया गया है। वे पुणे महानगरपालिका के महापौर रह चुके हैं।
13 सांसदों को फिर से मौका
जिन 13 सांसदों को फिर से टिकट मिला है, उसमें नंदुरबार से डॉ. हिना गावित, धुले से डॉ. सुभाष भामरे, रावेर से रक्षा खडसे, वर्धा से रामदास तडस, नागपुर से नितिन गडकरी, नांदेड़ से प्रताप चिखलीकर, जालना से रावसाहेब दानवे, डिंडोरी से डॉ. भारती पवार, भिवंडी से कपिल पाटिल, अहमदनगर से डॉ. सुजय विखे पाटिल, लातूर से सुधाकर श्रृंगारे, माढा से रणजीत नाईक निंबालकर और सांगली से संजय काका पाटिल शामिल हैं।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups