साहित्यकार राजाश्रित नहीं, राजपुरस्कृत होना चाहिए : डॉ. शीतला प्रसाद दुबे 

Wed, Mar 13 , 2024, 06:19 AM

Source : Uni India

महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा विभिन्न उत्कृष्ट हिंदी सेवी  पुरस्कृत
मुंबई।
“साहित्यकार राजाश्रित नहीं बल्कि राजपुरस्कृत होना चाहिये। एक सच्चे साहित्यकार को पुरस्कृत कर उसे साहित्य सृजन और संस्कृति के संरक्षण करने हेतु प्रेरित करना समाज और राष्ट्र का कर्त्तव्य होता है।” उक्त उद्गार महाराष्ट्र  राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी (Maharashtra State Hindi Sahitya Academy) के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे (Dr. Shitala Prasad Dubey) ने अकादमी द्वारा सोमवार, 11 मार्च, 2024 को चर्चगेट, मुंबई स्थित जय हिंद कॉलेज के सभागार में आयोजित वर्ष 2023-24 के गरिमापूर्ण पुरस्कार वितरण समारोह में व्यक्त किये। 
इसी क्रम में अकादमी की उपाध्यक्षा श्रीमती मंजू लोढ़ा ने कहा कि इन सभी उत्कृष्ट साहित्यकारों का सम्मान करके अकादमी स्वयं को सम्मानित महसूस कर रही है। अकादमी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुधाकर मिश्र ने छत्रपति शिवाजी महाराज और कवि भूषण की प्रथम मुलाकात के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की भूमि सदैव से साहित्यकारों का सम्मान करती रही है। यह प्रसन्नता की बात है कि अकादमी उसी परम्परा को सफलता पूर्वक आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ने अपनी सक्रियता से विगत कुछ दिनों में कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं, जिसका श्रेय अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. दुबे के ऊर्जावान नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अल्प समय में इतने बड़े पुरस्कार समारोह का इतना भव्य आयोजन दुबे जी जैसे बिरले व्यक्तित्व ही कर सकते हैं। अकादमी द्वारा इस समारोह में दक्षिण भारत में भारतीय संस्कृति, ज्ञान परम्परा और हिंदी भाषा -साहित्य का मार्ग प्रशस्त करने वाले आचार्य उदयन मीमांसक को अखिल भारतीय जीवन गौरव पुरस्कार और ‘युग प्रवर्तक छत्रपति शिवाजी महाराज ‘जैसे अनेक महाकाव्यों के रचयिता डॉ. रामबोध पांडेय को श्री राममनोहर त्रिपाठी अखिल भारतीय जीवन गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही हिंदी के प्रसार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 8 गणमान्यों को राज्य स्तरीय जीवन गौरव पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही हिंदी साहित्य की 14 विधाओं में चयनित साहित्यकारों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पुरस्कार प्रदान किये गये। ये सभी पुरस्कार महाराष्ट्र राज्य हिन्दी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे, उपाध्यक्षा श्रीमती मंजू लोढ़ा, अकादमी के वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुधाकर मिश्र, डॉ. प्रमोद शुक्ल एवं श्याम शर्मा  तथा वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किये गये। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान बड़ी संख्या में साहित्यकार, पत्रकार, पुरस्कार मूर्ति एवं उनके परिजनों के अलावा विभिन्न हिन्दी सेवी उपस्थित रहे। प्रारम्भ में सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के बाद सुप्रसिद्ध गायिका सुश्री छाया साखरे ने सरस्वती वंदना की सुमधुर प्रस्तुति की और अंत में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सह निदेशक एवं सचिव सचिन निंबालकर ने सभी का आभार प्रकट किया। सम्पूर्ण समारोह का सशक्त संचालन आकाशवाणी के सुपरिचित उद्घोषक एवं महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के वरिष्ठ सदस्य आनंद सिंह ने किया। महाराष्ट्र राज्य गीत की प्रस्तुति से शुरू हुए इस सुरुचिपूर्ण समारोह का समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ। 

 

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups