मुंबई। राज्य में गुढीपाडवा (Gudi Padwa), डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती (Dr. Babasaheb Ambedkar Jayanti) के मौके पर राशन कार्ड धारकों को आनंद शिधा वितरित करने का निर्णय कैबिनेट बैठक में लिया गया। इसका लाभ 1.69 करोड़ राशनकार्ड धारकों को होगा। अंत्योदय खाद्य योजना और प्राथमिकता परिवार राशन कार्ड धारकों के साथ-साथ संभाजीनगर, अमरावती विभाग के सभी जिले, नागपुर विभाग के वर्धा जैसे किसान आत्महत्या प्रभावित जिलों में गरीबी की रेखा (एपीएल) केशरी किसान राशन कार्ड धारकों को एक किलो चीनी, एक लीटर खाद्य तेल, चना दाल, रवा जैसी वस्तुएं आनंद शिधा के रूप में दी जाएगी। आनंद शिधा वितरण के लिए 550 करोड़ 57 लाख रुपए के खर्च को मंजूर प्रदान की गई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व में सरकार ने वर्ष 2022 से गुढीपाडवा, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती, गणपति, दशहरा, दीपावली जैसे त्योहारों पर राशन कार्ड धारकों को 100 रुपए में आनंद शिधा देने की शुरुआत की थी।
बीडीडी चाल के झोपड़ीधारकों को राहत
कैबिनेट बैठक में बीडीडी चाल में अनिवासी गाल धारकों और झोपड़ी धारकों के अनुबंध पर स्टांप शुल्क कम करने का निर्णय लिया गया। यह स्टाम्प ड्यूटी मात्र 1 हजार रुपए ली जाएगी।
धनगर समाज के लिए नवी मुंबई में भूखंड
धनगर समाज के लिए नवी मुंबई में भूखंड उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। धनगर समाज को खारघर के सेक्टर 5 में चार हजार वर्ग मीटर का भूखंड दिया जाएगा।
प्रत्येक जिले में अल्पसंख्यक कक्ष
सरकार ने छत्रपति संभाजी नगर में राज्य अल्पसंख्यक आयुक्तालय और हर जिले में अल्पसंख्यक कक्ष स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की है। इसके लिए अल्पसंख्यक आयुक्तालय में 36 नए पद को स्वीकृति प्रदान की गई।
घाटकोपर में अण्णा भाऊ साठे स्मारक
घाटकोपर के चिराग नगर में अण्णा भाऊ साठे (Anna Bhau Sathe) के अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्मारक बनाने को मंजूरी दी गई। स्मारक निर्माण पर 305 करोड़ 62 लाख 29 हजार 173 रुपए की लागत आएगी। स्मारक एसआरए के मार्फत बनाया जाएगा।
मिल कामगारों के लिए घर
बंद पड़ी 58 कपड़ा मिल के मजदूरों को फ्लैट देने का निर्णय कैबिनेट बैठक में लिया गया। इसके लिए मुंबई मनपा की निधि से लगभग 1500 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए जाएंगे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Mar 11 , 2024, 09:04 AM